उत्तर प्रदेश में रामचरित मानस पर सियासत लगातार तेज़ होती जा रही है. कहा जा सकता है कि 2024 के चुनाव में यूपी में ये एक चुनावी मुद्दा बन सकता है. दरअसल सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्या के रामचरित मानस के कुछ हिस्सों को लेकर दिए गए बयान के बाद भाजपा और हिन्दू संगठनों ने स्वामी प्रसाद मौर्या और अखिलेश के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है वहीँ स्वामी प्रसाद मौर्या के समर्थन में भी OBC के संगठन सामने आ गए हैं. इसी हंगामे के बीच लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग पर होर्डिंग लगाई गई है जिसमें लिखा है कि गर्व से कहो हम शूद्र हैं। वहीँ राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच के कार्यकर्ताओं ने आज लखनऊ में स्वामी प्रसाद मौर्या का पुतला फूंककर अपना विरोध जताया।

शूद्र होने पर गर्व करने के पोस्टर
लखनऊ में सपा कार्यालय के पास गर्व से कहो हम शूद्र हैं की होर्डिंग अखिल भारतीय कुर्मी महासभा मुंबई के डॉ शूद्र उत्तम प्रकाश सिंह पटेल की तरफ से लगाया गया है. होर्डिंग में लिखा जय शूद्र समाज। इस होर्डिंग से सटी एक और होर्डिंग अखिलेश और डिंपल यादव की है. दरअसल भाजपा युवा मोर्चा और कुछ हिन्दू संगठनों ने दो दिन पहले अखिलेश यादव को उस समय काले झंडे दिखाए थे जब वो एक माँ पीताम्बरा महायज्ञ में शामिल होने गए थे. इस विरोध प्रदर्शन के बाद अखिलेश ने भाजपा पर आरोप लाया था कि वो उन्हें शूद्र समझती है.

राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच ने फूंका पुतला
वहीँ रामचरित मानस पर स्वामी प्रसाद मौर्या के दिए गए विवादित बयान के विरोध में राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच के कार्यकर्ताओं ने आज उनका पुतला दारुल शफा में फूंका। यह लोग सपा नेता और समाजवादी पार्टी के खिलाफ नारे लगा रहे थे. यह लोग पोस्टर लिए हुए थे जिसमें लिखा था कि युवाओं को गुमराह करना बंद करो, लोगों को जाति धर्म में बाँटना बंद करो. बता दें कि अखिलेश यादव के शूद्र वाले बयान को केशव प्रसाद मौर्य ने नौटंकी बताते हुए कहा था कि अखिलेश यादव खुद को शूद्र बताकर पिछड़ों-दलितों की सहानुभूति लेना चाहते हैं.

