सुष्मिता सेन की हालिया रिलीज वेब सीरीज ‘आर्या’ दर्शकों को इंप्रेस करने में कामयाब हुई है। हाल ही में डिज्नी हॉट स्टार पर रिलीज हुई सुष्मिता सेन का कमबैक शो बेहद जबरदस्त रहा है। इस वेब शो के जरिए सुष्मिता सेन ने पूरे 5 साल बाद वापसी की है। बीती दफा वो एक बंगाली फिल्म में नजर आई थी। बॉलीवुड फिल्मों के लिहाज से देखें तो अदाकारा ने पूरे 10 साल बाद सिनेप्रेमियों को अपनी झलक दिखाई है। खास बात ये है कि उनकी वापसी बेहद दमदार हुई है। डिज्नी हॉटस्टार पर हाल ही में रिलीज हुई उनका ये वेब शो कैसा है आइए जानते हैं।
जैसा कि वेब शो के ट्रेलर से ही साफ हो जाता है कि ये कहानी ‘आर्या’ एक माफिया परिवार के चारों ओर घूमती है, जो अफीम-टिंचर्ड दवाओं और उनके ड्रग कॉम्पिटीटर्स के साथ डील करती है। कहानी में ‘आर्या’ के परिवार के बिजनेस राइवल्स कैसे मुनाफे और अधिक घातक-मादक पदार्थों का इस्तेमाल कर परिवार को भ्रमित करते हैं। कहानी में दिलचस्प मोड़ आते हैं जिसके बाद परिवार संभाल रही लीड एक्ट्रेस सुष्मिता सेन को अपने घर के साथ-साथ बिजनेस की कमान भी संभालनी पड़ती है।
सुष्मिता सेन, सुष्मिता सेन और सुष्मिता सेन… ‘आर्या’ की कहानी को सुष्मिता सेन ने बेहद खूबसूरती, हिम्मत, दृढ्ता और प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ाया है। ऐसा नहीं है कि बाकी सभी किरदारों ने अच्छा काम नहीं किया है। चंद्रचूड़ सिंह की भी शानदार वापसी हुई है। सभी दूसरे किरदारों में भी कलाकारों ने जान डाल दी है। लेकिन सुष्मिता सेन पूरे वेब शो में बाकी स्टार्स को ओवरशैडो कर जाती है। ऐसे में सुष्मिता सेन के दमदार वापसी के लिए दाद देने का मन करता है। उनके अलावा फ्लोरा सैनी, नमित दास, सिकंदर खेर, मनीष चौधरी और विकास कुमार भी गजब लगे है। इसके अलावा ‘कैप्टन ऑफ द शिप’ यानी निर्देशक, लेखक और निर्माता राम माधवानी ने सभी किरदारों से कमाल का काम करवाया है। राम माधवानी अपना हुनर इससे पहले नीरजा में दिखा चुके है।
अगर कुछ है जो इस वेब सीरीज में खलता है तो वो है इसकी एडिटिंग… जिसे खुशबू अग्रवाल राज, अभिमन्यु चौधरी और सत्यजीत केलकर ने पूरा किया है। वेब सीरीज को देखकर लगता है कि इसमें आसानी से दो या तीन एपिसोड कम हो सकते थे। शुरुआती चार से पांच एपिसोड में कई चीजें कम हो सकती थी क्योंकि ये कहानी को खिंचता हुआ दिखते है।

