औरैया। शिक्षक की पिटाई से हुई छात्र की मौत के बाद आज भी औरेया में पथराव और बवाल हुआ है। हालांकि जिले में इस समय तनाव बना हुआ है। रात भर हुए बवाल के बाद चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात है। परिजन हंगामा करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई न करने की मांग पर अडे़ हैं। वहीं इस मामले में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा कि औरैया में छात्र की शिक्षक द्वारा पीटे जाने से हुई मृत्यु का समाचार दुखद ही नहीं, संवेदनशील है। सरकार यथोचित कार्रवाई करे और पीड़ित परिवार को मुआवजा दे। शिक्षा जीवन देती है, लेती नहीं। छात्र की मौत के मामले के बाद एडीजी भानु भास्कर, आईजी प्रशांत कुमार, कमिश्नर राजशेखर पीडित के गांव पहुंचे। परिजनों को ढांढस बंधाने के साथ अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद और मामले में दोषी पर कार्रवाई की बात कही है। कस्बे में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया है। जिले की सीमाओं व कस्बे में बाहर से आने वालों की चेकिंग की जा रही है। आज दोपहर 12 बजे भारी पुलिसबल की मौजूदगी में छात्र के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। लेकिन इसके बाद फिर से आक्रोशित युवकों ने पथराव शुरू कर दिया। युवक सड़क पर आ गए और जाम लगाने की कोशिश की। लेकिन भारी पुलिस बल के कारण ऐसा करने में कामयाब नहीं हो सके।
बताते चलें कि छात्र निखित की मौत के बाद फफूंद-औरैया मार्ग पर शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे लोगों ने सोमवार रात आठ बजे के करीब पुलिस पर पथराव कर जीप को आग लगा दी थी। कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। पथराव देख पुलिस के जवान भाग खडे़ हुए। तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके बाद देर रात तक हंगामा चलता रहा था। आईजी, एसपी व डीएम भी मौके पर जा पहुंचे। छात्र की मौत से आक्रोशित भीम आर्मी के साथ सैकड़ों स्थानीय लोगों ने शिक्षक की गिरफ्तारी को लेकर सड़क जाम की थी। रात शव को रखने के लिए मौके पर ताबूत मंगवा लिया गया। ताबूत देखते ही पुलिस अधिकारी भीम आर्मी और परिजनों से उखड़ गए। इसी को लेकर गहमागहमी शुरू हुई और लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया था। आज भी एक दो बार हल्का पथराव हुआ। लेकिन उसके बाद तनावपूर्ण शंाति बनी हुई है।

