मेरठ। आगामी 10 मार्च को मेरठ में विधानसभा चुनाव (assembly election) की मतगणना होनी है। मतगणना की तैयारियों और नियमों को लेकर भी सख्ती बरती जा रही है। विधानसभा चुनाव की तरह ही मतगणना के दौरान भी कोविड प्रोटोकाल का पूरा पालन किया जाएगा। इसके लिए निर्वाचन आयोग (election commission) ने प्रदेश के सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों को आदेश दिए है। इसके लिए प्रदेश अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी आरके पांडेय ने प्रदेश के सभी विधानसभाओं के निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए है। जिसमें उन्होंने निर्देश दिए हैं कि मतगणना के दौरान कोरोना संक्रमण के बचाव और प्रोटोकाल का भी पूरा पालन किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि मतगणना वाले दिन मतगणना स्थल के भीतर उन्हीं मतगणना अभिकर्ताओं को प्रवेश मिलेगा। जिन्होंने कोविड वैक्सीन की दोनों डोज ली होंगी या फिर वैक्सीन न लेने की स्थिति में मतगणना शुरू होने से 48 घंटे पूर्व की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट (RTPCR test report) साथ में होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी के बालाजी ने बताया कि सुबह 8 बजे पोस्टल बैलेट और ईटीपीबीएस की गणना का काम शुरू होगा। जो कि 8.30 बजे तक चलेगा। इसके बाद ईवीएम के मतों की गणना का कार्य आरंभ होगा। जब तक पोस्टल बैलेट (Postal Ballet) की गणना पूरी नहीं होगी तब तक ईवीएम के अंतिम चरण की गणना को पूरा नहीं किया जाएगा। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी के. बालाजी, सीडीओ शशांक चौधरी के अलावा एडीएम प्रशासन सत्यप्रकाश सिंह मौजूद रहे। इलेक्ट्रानिकली ट्रांसमिटिड पोस्टल बैलेट सिस्टम का प्रशिक्षण निर्वाचन अधिकारियों को दिया जा चुका है। इसके माध्यम से ही पोस्टल बैलेट की गणना की जाएगी। ईटीपीबीएस तीन फार्मों के माध्यम से प्राप्त होता है। तीनों को अलग-अलग स्कैन किया जाएगा। अंत में बैलेट पेपर स्कैन होगा। उससे पहले ही मान्य और अमान्य मतपत्रों की छंटनी कर ली जाएगी।

