समाजवादी पार्टी ने इंडिया गठबंधन के तहत तृणमूल कांग्रेस के लिए भदोही की सीट छोड़ दी है, भदोही से TMC के टिकट पर उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम कमलापति त्रिपाठी के पोते ललितेश त्रिपाठी चुनाव लड़ेंगे। समाजवादी पार्टी ने आज अपनी तीसरा सूची जारी की है, इस सूची में सात प्रत्याशियों के नामों का एलान किया गया है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजधानी कहे जाने वाले मेरठ की सीट से सपा ने एडवोकेट भानु प्रताप सिंह को मैदान में उतारा है.
सपा ने आज जो सात उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है उसमें बिजनौर से यशवीर सिंह, नगीना से पूर्व एडीजे मनोज कुमार, अलीगढ़ से बिजेंद्र सिंह, हाथरस से जसवीर बाल्किमी और लालगंज से दरोगा सरोज का नाम घोषित किया गया है। इसके अलावा समाजवादी पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस के लिए भदोही सीट छोड़ी है, इस सीट से ललितेश त्रिपाठी उम्मीदवार हैं। ललितेश 2021 में अपने पिता राजेशपति त्रिपाठी के साथ तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे। ललितेशपति ने 2012 मड़िहान से विधानसभा से जीत हासिल की थी लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में वे हार गए थे।
समाजवादी पार्टी 31 सीटों पर अपने उम्मीदवार पहले ही घोषित कर चुकी है जिसमें उनके परिवार से चाचा शिवपाल और पत्नी डिम्पल और चचेरे भाई अक्षय यादव का नाम शामिल है। चचेरे भाई धर्मेंद्र का नाम पहले बदायूं सीट से घोषित हुआ था मगर बाद में वहां से शिवपाल यादव का नाम घोषित हुआ जो पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं. अब देखना है कि धर्मेंद्र यादव को किस सीट से मैदान में उतारा जाता है, अखिलेश ने उन्हें किसी सेफ सीट से उतारने की बात कही है.

