Asia Cup: टीम इंडिया के कोच द्रविड़ ने विकेट कीपर बल्लेबाज केएल राहुल और श्रेयस अय्यर की फिटनेस को लेकर खुशी जाहिर की है। अभ्यास शिविर में दोनों खिलाड़ियों ने अच्छी बल्लेबाजी की है। एशिया कप 2023 में टीम इंडिया अपना पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ दो सितंबर को खेलेगी। इसके लिए श्रीलंका जाने से पहले भारतीय टीम कोच राहुल द्रविड़ ने केएल राहुल और श्रेयस अय्यर की फिटनेस को लेकर अपडेट जारी किया है। कोच द्रविड़ ने आज मंगलवार को कहा कि वह केएल राहुल और श्रेयस अय्यर की फिटनेस को देखकर खुश हैं। द्रविड़ ने बताया कि राहुल एशिया कप के शुरुआती दो मैचों में नहीं खेलेंगे। उसके बाद उनकी वापसी की उम्मीद है। भारत के शुरुआती दो मैच दो सितंबर को पाकिस्तान और चार सितंबर को नेपाल के खिलाफ हैं। दोनों मैंच कैंडी में खेले जाएंगे। इसका मतलब है राहुल ग्रुप राउंड में नहीं खेलेंगे। अगर टीम इंडिया सुपर-4 में पहुंचती है तो वह मैदान पर उतरेंगे।
राहुल द्रविड़ ने कहा कि केएल राहुल ने अच्छी बल्लेबाजी की है। वह विकेटकीपिंग कर रहे हैं। उन्हें विश्व कप को ध्यान में रख दो मैचों में आराम दिया गया है। इसके बाद वह टीम में वापस आएंगे। उम्मीद है कि दो मैचों के बाद राहुल पूरी तरह वापसी कर लेंगे। इस बारे में हम अधिक चिंतित नहीं है।
एशिया कप में टीम इंडिया का प्रयोग करेंगे?
द्रविड़ ने कहा कि चौथे और पांचवें नंबर को लेकर बहुत हुई है। हम बता सकते हैं कि पिछले 18 महीने से इस क्रम के लिए तीन खिलाड़ी सामने थे। श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और ऋषभ पंत। दुर्भाग्य की बात कि दो महीने में तीनों खिलाड़ी चोटिल हुए हैं। इसलिए लगातार प्रयोग करने पड़े। तीनों की सर्जरी हुई। ऐसे में अलग-अलग खिलाड़ियों का मैचों में इस्तेमाल किया गया है। हमें विश्व कप के लिए तैयार रहना है। हम नहीं जानते कि विश्व कप में क्या होगा। इसलिए हमने दो-तीन खिलाड़ियों को इस क्रम पर लगातार मौका दिया है। जब मुख्य खिलाड़ी नहीं होते हैं तो अन्य को मौके देने होते हैं।
रोहित शर्मा का फैसला अंतिम
पिछले कुछ वर्षों में टीम इंडिया को कई कप्तान मिले हैं। इनमें विराट कोहली, रोहित शर्मा के अलावा शिखर धवन, केएल राहुल, ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह ने सीमित समय में कप्तानी की है। इनमें से धवन और पंत एशिया कप टीम में नहीं है। इस पर मुख्य कोच ने कहा कि हमारे टीम में कई अनुभवी खिलाड़ी हैं। कुछ खिलाड़ी पहले कप्तान रहे हैं। कुछ ने हाल के दिनों में कप्तानी की है। आज के समय में अधिक क्रिकेट हो रही है। इसे ध्यान में रखते हुए रोटेट कर रहे हैं। ग्रुप में सबके पास अनुभव तो अच्छा है। अंतिम फैसला रोहित शर्मा का होता है।
घरेलू मैदान पर विश्व कप का दबाव?
मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने कहा कि घरेलू मैदान पर विश्व कप खेलना काफी अच्छा है। दर्शकों का दबाव होगा। इस बात को सब जानते हैं। भारत विश्व कप में पहला मैच आठ अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगा। उससे पहले अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पांच अक्तूबर को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच मैच से विश्व कप 2023 की शुरुआत होगी। 19 नवंबर को फाइनल मैच अहमदाबाद में ही होगा।

