निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण के हाईकोर्ट के फैसले के बाद समाजवादी पार्टी काफी एक्टिव हो गयी है, अब वो इसे एक राजनीतिक मुद्दा बनाना चाहती है और इसके लिए उसने एक बड़ा आंदोलन चलाने की बात कही है. इस अभियान के अंतर्गत समाजवादी पार्टी ओबीसी आरक्षण मुद्दे को गाँव गाँव तक पहुँचाना चाहती है. सपा ने आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर संविधान बचाओ, आरक्षण बचाओ यात्रा निकालने का फैसला किया है.
जल्द होगा यात्रा की तारीखों का एलान
समाजवादी के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश उत्तम ने बताया कि भाजपा के OBC विरोधी चेहरे को लोगों के सामने लाने के लिए यह यात्रा निकाली जाएगी, यात्रा की दिन तारीख सपा प्रमुख अखिलेश यादव जल्द ही तय करेंगे। बता दें कि निकाय चुनाव पर OBC आरक्षण पर हाईकोर्ट ने योगी सरकार को बड़ा झटका देते हुए ड्राफ्ट नोटिफिकेशन रद्द कर दिया है और बिना आरक्षण चुनाव कराने का आदेश जारी कर दिया है. अदालत के इस आदेश के बाद विपक्षी पार्टियों ने योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.
मुख्यमंत्री ने बनाया प्रतिष्ठा का सवाल
वही मुख्यमंत्री योगी ने इसे अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है, मुख्यमंत्री ने साफ़ कर दिया है कि निकाय चुनाव OBC आरक्षण के साथ ही होंगे। पहले आरक्षण दिया जायेगा उसके बाद ही चुनाव होंगे, इस मामले में जल्द ही आयोग गठित किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने साफ़ तौर पर कह दिया है कि अगर ज़रुरत पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा भी खटखटाया जा सकता है. अब देखना है कि अदालत के निर्देशों और आदेश का योगी सरकार पालन कर चुनाव करवाती है या फिर अपनी प्रतिष्ठा के साथ ही आगे बढ़ेगी.

