नई दिल्ली।दक्षिण अफ्रीका की पुरुष टीम के वेस्टइंडीज और श्रीलंका के दौरे अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिए गए हैं. क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) के निदेशक ग्रीम स्मिथ ने इसकी पुष्टि की. दक्षिण अफ्रीकी टीम का कैरेबियाई दौरा असल में जुलाई-अगस्त में होना था, जिसमें दो टेस्ट और पांच टी-20 मैच खेले जाने थे, जबकि इससे पहले जून में ही उसे श्रीलंका दौरे पर जाना था, जहां तीन वनडे और इतने ही टी-20 मैच खेलने थे लेकिन, दोनों ही दौरों को पहले ही कोविड-19 महामारी के कारण स्थगित कर दिया गया था.
आइपीएल भी बना वजह
क्रिकेट वेस्टइंडीज के मुख्य कार्यकारी जॉनी ग्रेव ने हाल में कहा था कि वे सितंबर में पांच टी-20 या दो टेस्ट के लिए दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी करने के बारे में विचार कर रहे हैं, लेकिन 10 सितंबर को त्रिनिदाद में समाप्त होने वाले सीपीएल और 19 सितंबर से यूएई में शुरू होने वाले आइपीएल के बीच बहुत कम अंतराल है. स्मिथ ने शनिवार को कहा कि आइपीएल में उनके खिलाडिय़ों की जरूरत होगी, जिससे द्विपक्षीय सीरीज के जल्द होने की संभावना खत्म हो गई है. उन्होंने कहा, ‘वेस्टइंडीज दौरा अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया है. हम एक ऐसे समय की तलाश कर रहे हैं जो आइपीएल को देखते हुए फिट बैठे. ऐसा लग रहा है कि सितंबर की शुरुआत से हमारे खिलाडिय़ों को यात्रा की अनुमति के लिए सरकार की अनुमति लेने की जरूरत होगी. श्रीलंका दौरा भी स्थगित कर दिया गया है.Ó
साउथ अफ्रीका की मुश्किल
हालांकि, दुनिया के अन्य हिस्सों की तुलना में श्रीलंका और वेस्टइंडीज में कोविड-19 के मामले उतने ज्यादा नहीं हैं, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने अपने यहां बढ़ते मामलों को देखते हुए अपनी अंतरराष्ट्रीय सीमाएं बंद कर दी हैं. इसका मतलब यह है कि इमरान ताहिर को छोड़कर 18 अगस्त से शुरू होने वाले सीपीएल के लिए दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी वेस्टइंडीज नहीं जा पाएंगे और आइपीएल में भी उनका जाना अनिश्चित है. ताहिर पीएसएल में खेलने के लिए मार्च में पाकिस्तान चले गए थे और उसके बाद से अंतरराष्ट्रीय सीमाएं बंद होने लगी थीं.

