हरिद्वार। साल की अंतिम सोमवती अमावस्या इस बार 30 मई को पड़ रही है। इसको लेकर हरिद्वार प्रशासन ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इस बार सोमवती अमावस्या पर भारी भीड़ उमड़ने की आशंका जताई जा रही है। इसका कारण चार धाम यात्रा और कोरोना को लेकर हटाए गए सभी प्रकार के प्रतिबंधों के बाद गंगा में सोमवती अमावस्या पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ना बताया जा रहा है। इसको लेकर प्लान तैयार किया जा रहा है।
Also Read : Kedarnath Dham: 24 घंटे के भीतर केदारनाथ धाम में चार श्रद्धालुओं की मौत, खराब मौसम में 113 लोग घायल
सोमवती अमावस्या स्नान को लेकर आगामी 28 मई की रात से हरिद्वार शहर की ओर आने वाले सीाी हाईवे बंद कर दिए जाएंगे। जो कि 31 मई की सुबह तक बंद रहेंगे। 28 मई की रात 12 बजे से हरिद्वार की ओर जाने वाले सभी हाईवे पर भारी वाहनों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। यह प्रतिबंध स्नान की समाप्ति तक जारी रहेगा। सोमवती अमावस्या के एक दिन पहले भी स्नान ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। इस बार सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के गंगा स्नान करने का अनुमान है।
बता दें कि पिछले दो साल से कोरोना संक्रमण काल के चलते लगे प्रतिबंध के कारण सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं की हरिद्वार में नो एंट्री थी। जिसके चलते लोग गंगा स्नान नहीं कर पा रहे थे। इस बार कोरोना को लेकर सभी प्रकार की पाबंदिया समाप्त हो चुकी हैं। वहीं स्कूलों की छुट्टियां पड़ चुकी हैं और चार धाम यात्रा सीजन चल रहा है। ऐसे में सोमवती अमावस्या का स्नान हरिद्वार पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। बता दें कि तीन साल पहले गर्मियों के सीजन में सोमवती स्नान पर उमड़ी भीड़ ने सबको चौंका दिया था। तब एडीजी को व्यवस्था के लिए स्वयं कमान संभालनी पड़ी थी।
Also Read : Champawat by-election – अंतिम दौर में कांग्रेस ने झोंकी ताकत, भाजपा का योगी पंच
पिछले कुछ वर्षों से सोमवती अमावस्या स्नान में श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में रहती है। इसको ध्यान में रखकर ही ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। दिल्ली से आने वाले वाहनों को बैरागी कैंप में पार्क कराया जाएगा। जबकि नजीबाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को श्यामपुर में पार्क कराया जाएगा। सीओ ट्रैफिक राकेश रावत ने बताया कि सोमवती अमावस्या स्नान के लिए ट्रैफिक प्लान अंतिम रूप में है। ये प्लान 28 या 29 मई से लागू कर दिया जाएगा। 28 मई से सभी हाईवे भारी वाहनों के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

