- राम गोविंद चौधरी ने कहा, पिछला बजट खर्च नहीं हुआ तो नए बजट की क्या आवश्यकता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में राजनीतिक गर्मी तेजी से बढ़ रही है। अनुपूरक बजट पास कराने के प्रयास में लगी योगी सरकार को विपक्ष के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। विपक्षी दल लखीमपुर खीरी मामले पर चर्चा कराने की मांग कर रहे हैं। वहीं नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चैधरी ने बजट प्रस्तुत करने पर ही सवाल उठा दिया।
Read also: मैं उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव नहीं लड़ूंगा: अखिलेश यादव
रामगोविंद चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि जब सरकार पिछला बजट ही खर्च नहीं कर पाई है तो नया बजट पेश करने की आवश्यकता क्या है? उन्होंने कहा कि कहीं बजट का पैसा चुनाव में तो खर्च नहीं होने वाला? सरकार पर जनता के धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 5 सालों से मुख्यमंत्री एक ही भाषण दे रहे हैं और कोरोना काल को लेकर दूसरे देशों से तुलना कर रहे हैं।
रामगोविंद चौधरी ने कड़े शब्दों में कहा कि ‘कफन चोर है यह सरकार’। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को लैपटाॅप-टेबलेट देने की घोषणा तो कर दी लेकिन अभी तक तो टेंडर ही नहीं हुआ है। यह लोग सिर्फ ढोल पीट रहे हैं। लेकिन युवा मूर्ख नहीं है और इस बार सरकार को जवाब देगा।
Read also: अजय मिश्रा टेनी ने पत्रकारों के साथ किया दुर्व्यवहार
कांग्रेस विधायकों ने उड़ाये काले गुब्बारे, टेनी को बर्खास्त करने की मांग
वही आज शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी को बर्खास्त करने की मांग करते हुए विधानसभा के बाहर काले गुब्बारे उड़ाए। विपक्ष सदन के बाहर और सदन के भीतर लखीमपुर खीरी हिंसा को लेकर जमकर प्रदर्शन कर रहा है। विपक्ष की मांग है कि अनुपूरक बजट पर चर्चा से पहले लखीमपुर खीरी मामले पर चर्चा की जाए।

