नोएडा। हाईकोर्ट से गैंगस्टर मामले में जमानत मिलने के बाद भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी दिवाली से पहले ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में अपने घर पहुंच गए हैं। श्रीकांत त्यागी घर वापसी उनके प्रियजनों और परिजनों दोनों के लिए राहत की खबर है। बीते 9 अगस्त को श्रीकांत त्यागी को एक महिला के साथ बदसलूकी के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई थी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ गैंगस्टर की धारा में कार्रवाई की थी। जिसका विरोध त्यागी समाज ने किया था।
इलाहाबाद हाईकोर्ट से गत 17 अक्टूबर को जमानत मिलने के बाद श्रीकांत त्यागी लुक्सर जेल से घर लौट आए। घर लौटने के दौरान श्रीकांत त्यागी ने कहा मेरे समाज के लोगों ने मेरा साथ दिया और उनका साथ देना भगवान का साथ देने के बराबर है। उन्होंने कहा कि कोई अगला कदम उठाने से पहले वो अपने समर्थकों से मिलेंगे और उनसे बातचीत करेंगे। समाज के लोग मेरे और मेरे परिवार के साथ खड़े रहे उनका आभार व्यक्त करता हूं।
श्रीकांत का घर पहुंचने पर पत्नी अन्नु त्यागी ने आरती उतारकर स्वागत किया। श्रीकांत को फूलों की माला से लाद दिया। घर पहुंचने के बाद श्रीकांत त्यागी ने कहा कि गैंगस्टर की कार्रवाई एक राजनीतिक व्यक्ति के दबाव में की गई है। त्यागी ने कहा कि हम शिक्षित समृद्ध त्यागी समाज से हैं। उस समाज को बदनाम करने का प्रयास किया गया। स्वाभाविक है कि एक तरफा कर्रवाई हुई।

