अयोध्या में बाबरी मस्जिद तोड़ने का श्रेय लेने और खुद को हिंदुत्व की सबसे बड़ी अलमबरदार पार्टी कहने वाली शिवसेना ने संघ प्रमुख मोहन भागवत के उस बयान का समर्थन किया जिसमें उन्होंने कहा था कि हर मस्जिद में शिवलिंग ढूंढने की ज़रुरत नहीं. इसके साथ ही शिवसेना ने इस बात पर भी ज़ोर दिया है कि इस समय कश्मीर में हिन्दुओं की हत्याओं को रोकना सबसे बड़ा काम है.
Also Read : विवादित मस्जिदों में अब आगरा की Begum Sahiba Mosque का नाम
शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत ने मोहन भागवत के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने सही कहा, अब इस रोज़ रोज़ के शोर शराबे का बंद होना ज़रूरी है. इस समय कश्मीर के क्या हालात हैं, वहीं किस तरह लक्षित हत्याएं की जा रही हैं, कश्मीरी पंडित पलायन करने लगे हैं, वहां रहने वालों को 1990 के पुराने भयानक दिन याद आने लगे हैं. हमारा मुख्य ज़ोर इस समय कश्मीर में हिन्दू भाइयों को बचाने के लिए होना चाहिए न कि मंदिर मस्जिद के झगडे में उलझना चाहिए।
शिवसेना ने इसी के साथ भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि घाटी में कश्मीरी पंडितों के जो इन दिनों हालात हैं और कश्मीरी पंडित जिस तरह पलायन की बातें कर रहे हैं और करने लगे हैं उसके मद्देनज़र ‘कश्मीर फाइल्स पार्ट 2’ बनाकर यह सब दिखाना चाहिए और देश को बताना चाहिए कि इसका ज़िम्मेदार कौन है? संजय राउत ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने कश्मीर फाइल्स फिल्म का समर्थन किया था. कश्मीरी पंडितों के हालात तो नहीं बदले मगर फिल्म के मालिकों के हालात ज़रूर बदल गए.
Read also: Mohan Bhagwat on Shivling: संघ प्रमुख का सवाल, हर मस्जिद में शिवलिंग की खोज क्यों?
बता दें कि संघ प्रमुख मोहन भागवत ने ज्ञानवापी मस्जिद विवाद और उसके बाद अन्य इबादतगाहों पर याचिकाओं की बाढ़ के सन्दर्भ में अपने एक बयान में कहा था कि सभी मस्जिदों में शिवलिंग की खोज क्यों? उन्होंने कहा था कि कुछ मामले आस्था के हैं जिन्हें आपस में बैठकर सुलझा लेना चाहिए या इस बारे में अदालत जो फैसला दे उसे स्वीकार करना चाहिए।

