सुप्रीम कोर्ट द्वारा अयोग्यता मामले में शिवसेना के बागी गुट को मिली 14 दिन की राहत के बाद लगता है कि महाराष्ट्र में सरकार गिराने का खेल अंतिम पड़ाव में पहुँच गया है. इस वक्त मुंबई में बीजेपी कोर कमेटी की बैठक हो रही है, कहा जा रहा ही कि बैठक में सारे विधायकों को यह सन्देश दे दिया गया है कि महाराष्ट्र छोड़कर कहीं बाहर न जाएँ और शार्ट नोटिस पर मुंबई आने को तैयार रहें। भाजपा विधायकों को दिए गए इस सन्देश के बाद यह माना जा रहा है कि उद्धव सरकार को गिराने की पूरी बिसात बिछ चुकी है. बागियों को 14 दिन की मिली मोहलत का पूरा फायदा उठाने की तैयारी है.
जानकारी के अनुसार एकनाथ शिंदे गुट ने अब सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का पूरा मन बना लिया है, बताया जा रहा है कि राज्यपाल को दिया जाने वाला ड्राफ्ट तैयार हो चूका है जिसे शायद कल तक महामहिम कोशियारी तक पहुँचाया जायेगा. शिंदे के साथ शिवसेना के 39 विधायकों के साथ कुल 51 विधायकों के समर्थन की बात कही जा रही है, उधर लेटेस्ट अपडेट यह है कि उद्धव खेमे का एक और विधायक गुवाहाटी जाने की तैयारी कर रहा है. इस तरह से देखा जाय तो उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाविकास अघाड़ी सरकार अल्पमत में है. शिंदे गुट राज्यपाल से विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग कर सकता है लेकिन इसमें एक पेंच सुप्रीम का वो निर्देश भी है जिसमें कहा गया है कि फैसले तक कोई फ्लोर टेस्ट न हो.
Read also: Maharashtra Political Crisis: उद्धव कर चुके थे सरेंडर, पवार बने सहारा
वहीँ सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद एकनाथ शिंदे ने ट्वीट करके इसे बालासाहेब ठाकरे के हिंदुत्व और आनंद दिघे के विचारों की जीत बताया है. बता दें कि महाराष्ट्र में मची इस राजनीतिक उठापटक पर भाजपा ने अपने को सीधे तौर पर अबतक दूर रखा है. भाजपा नेताओं से इस मामले पर सवाल पर वो इसे शिवसेना का अंदरूनी मामला बताते रहे हैं लेकिन पिछले दो दिनों के घटनाक्रम में यह बात खुलकर सामने आ गयी है कि भाजपा अब इस मामले में और ज़्यादा छुपना नहीं चाहती। बता दें कि कल केंद्र सरकार के एक मंत्री ने महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री से कहा था कि हम बस दो तीन दिन और विपक्ष में है इसके बाद हम आपकी जगह पर आ जायेंगे।
