कोरोना लॉकडाउन के दौरान जिस चीज में सबसे तेजी आई है, वो देश में ओटीटी प्लैटफॉर्म के यूजर्स हैं। सिनेमाघर बंद होने के कारण ओटीटी प्लैटफॉर्म्स की चांदी हो गई। इसी का प्रभाव है कि जो एक्टर खुद वेब सीरीज से दूर रख रहे थे, वे भी अब वेब सीरीज और डिजिटल प्लैटफॉर्म्स की ओर मुड़ने लगे हैं। अब खबरें हैं कि जल्द ही शाहिद कपूर भी एक वेब सीरीज में नजर आने वाले हैं।
इसके साथ ही यह सीरीज शाहिद का डिजिटल डेब्यू होगी। यह एक थ्रिलर सीरीज होगा जिसकी कहानी पढ़कर शाहिद कपूर ने हामी भर दी है। इस सीरीज को राज निदिमोरू और कृष्णा डीके की जोड़ी डायरेक्ट करेगी। दोनों की जोड़ी ने अमेजन प्राइम की सीरीज ‘द फैमिली मैन’ के जरिए लोकप्रियता हासिल की है।
‘द फैमिली मैन’ की सफलता के बाद दोनों डायरेक्टर्स की जोड़ी को कई ओटीटी प्लैटफॉर्म्स से उनके लिए वेब सीरीज बनाने का ऑफर दिया। अब दोनों ने एक बड़े प्लैटफॉर्म से हाथ मिलाया है। पिंकविला की एक खबर के मुताबिक, ‘डायरेक्टर्स की इस जोड़ी ने एक बड़े डिजिटल प्लैटफॉर्म के प्रोजेक्ट के लिए हामी भरी है। यह एक थ्रिलर वेब सीरीज होगी। इसमें वो सारा मसाला होगा जो एक हिंदी फिल्म में होता है। इस थ्रिलर वेब सीरीज में जिसमें राज और डीके तड़का लगाएंगे।’
सूत्र ने बताया कि दोनों ने शाहिद से इस बारे में बात की और शाहिद को स्क्रिप्ट पसंद आई। शाहिद ने इसके लिए हां कह दी है। यह शाहिद का बेव सीरीज में डेब्यू होगा। हालांकि इसकी शूटिंग कब से शुरू होगी? इस बारे में अभी कुछ भी कहना मुश्किल है। शाहिद कपूर ने अपनी आने वाली फिल्म ‘जर्सी’ की शूटिंग पूरी नहीं की है और जैसे ही शूटिंग खत्म होगी, शाहिद इस सीरीज की शूटिंग शुरू कर देंगे।
शाहिद कपूर से पहले मनोज बाजपेयी, इमरान हाशमी, पंकज त्रिपाठी, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, अभिषेक बच्चन जैसे नामी स्टार्स वेब सीरीज में नजर आ चुके हैं। मालूम हो, कोरोना लॉकडाउन के कारण फिल्म ‘जर्सी’ के मेकर्स पर पड़े प्रभाव को कम करने के लिए शाहिद कपूर ने बड़ा दिल दिखाया था। उन्होंने अपनी फीस 33 करोड़ से घटाकर 25 करोड़ कर दी थी। फिलहाल वे अपनी फिल्म ‘जर्सी’ की शूटिंग में बिजी हैं। यह फिल्म साल 2019 में आई तेलुगु फिल्म ‘जर्सी’ का रीमेक है।

