भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किये जाने के बावजूद कई बैंकों ने लोन पर ब्याज बढ़ाना शुरू कर दिया है। भारतीय स्टेट बैंक ने एक बार फिर होम लोन पर ब्याज बढ़ा दिया है। इसका मतलब है कि अब आपको अपने लोन पर ज्यादा EMI चुकानी होगी। SBI ने RBI की मौद्रिक नीति बैठक के कुछ दिनों बाद ब्याज में बढ़ोतरी की घोषणा की है।
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने 15 जून से सभी अवधियों के लिए अपने मार्जिनल कॉस्ट ऑफ लेंडिंग रेट्स (MCLR) में 10 बेसिस प्वाइंट या 0.1% की बढ़ोतरी की है। SBI के इस कदम से MCLR से जुड़े सभी तरह के लोन की EMI बढ़ जाएगी। इसका मतलब है कि अब आपको हर महीने लोन पर पहले से ज्यादा EMI चुकानी होगी।
SBI द्वारा की गई बढ़ोतरी से एक साल का MCLR 8.65% से बढ़कर 8.75% हो गया है, ओवरनाइट MCLR 8.00% से बढ़कर 8.10% हो गया है और एक महीने और तीन महीने का MCLR 8.20% से बढ़कर 8.30% हो गया है। छह महीने की एमसीएलआर अब 8.55% से बढ़कर 8.65% हो गई है। इसके अलावा दो साल की एमसीएलआर 8.75% से बढ़कर 8.85% और तीन साल की एमसीएलआर अब 8.85% से बढ़कर 8.95% हो गई है।

