लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने भाजपा मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर खूब वार किये। इस दौरान उन्होंने नाहिद हसन को टिकट दिये जाने को लेकर सवाल भी खड़े किये। लेकिन, जैसे ही पत्रकारों ने संबित पात्रा से धनंजय सिंह से संबंधित सवाल पूछने शुरू किये, वो वहां से उठकर निकल लिये। गौरतलब है कि बाहुबली धनंजय सिंह की तलाश पुलिस कर रही है, उनके खिलाफ वारंट जारी किया गया है लेकिन वो गाहे-बगाहे सार्वजनिक कार्यक्रमों में दिख जाते हैं। हाल ही में वो क्रिकेट खेलते हुए देखे गये थे, लेकिन यूपी पुलिस की पकड़ से फिलहाल वो दूर हैं। इस मामले को लेकर भाजपा विपक्ष के निशाने पर है। इसी को लेकर प्रेस कांफ्रेंस में जब संबित से सवाल किया गया तो वो वहां से उठकर चले गए।
Read also: पार्टी छोड़ने वालों को पिछड़ो और दलितों की नहीं, अपने परिवार के विकास चिंता : विनोद सोनकर
संबित पात्रा ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि आज उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस है। 73 साल पहले इस प्रदेश की स्थापना हुई थी। उन्होंने कहा कि अब तक 2017 के पहले उत्तर प्रदेश की छवि को अलग तरह से प्रस्तुत किया जाता था। आज उत्तर प्रदेश एक प्रोग्रेसिव प्रदेश है। 50 से अधिक केंद्र की योजनाएं है जो उत्तर प्रदेश की छवि को और सशक्त बनाती हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों को बधाई दी और अखिलेश यादव पर खूब निशाने साधे। संबित पात्रा ने कहा कि आज अखिलेश यादव का इन्टरव्यू पढ़ा, जिसमें उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत का असली दुश्मन नहीं है, भाजपा की राजनीति के कारण पाकिस्तान को असली दुश्मन माना जाता है। संबित ने कहा कि अखिलेश यादव को अपने इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। भाजपा पाकिस्तान को दुश्मन मानती है।
उन्होंने कहा कि जिन्ना से जो करे वो पाकिस्तान से कैसे करे इनकार। उन्होंने कहा कि अखिलेश जिन्ना का नाम लेकर चुनाव में उतरे थे, अब पाकिस्तान तक पहुँच गए। सपा और भाजपा के अंतर को इंगित करते हुए उन्होंने कहा कि आज सुबह का बयान देख लीजिए, संदेश क्या है। जहाँ योगी आदित्यनाथ विकास की बात कर रहे हैं वहीं पाकिस्तान और जिन्ना को लेकर अखिलेश आ गये हैं। उन्होंने अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सपा व्हाट्सएप से टिकट का वितरण कर रही है। सपा ने उम्मीदवारों की लिस्ट घोषित नहीं की है। संबित ने कहा कि शुक्र है कसाब को फांसी हुई है नहीं तो सपा का स्टार प्रचारक जिन्ना के साथ कसाब भी होता।
Read also: पलायन नहीं प्रगति और दंगा मुक्त प्रदेश चाहती है यूपी की जनता : योगी आदित्यनाथ
अब अगर अखिलेश में नैतिकता है तो अपनी सूची जारी करें। संबित ने निशाना साधाते हुए कहा कि नाहिद हसन का नाम जारी हुआ पूरे देश ने देखा क्या हुआ। अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी है कि ओपिनियन पोल न दिखाएं। आज ओपीनियन पोल पर बरसे हैं, 10 मार्च के बाद ईवीएम मशीन पर बरसेंगे। भाजपा प्रवक्ता ने जनता से अपील करते हुए कहा कि आपको चुनना क्या चुनना है? गंगा एक्सप्रेस वे या गुंडई एक्स्प्रेस वे? उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ जब से मुख्यमंत्री बने हैं, दंगा नहीं चलेगा। मुख्तार अंसारी की जेल में हत्या के मामले पर कहा कि इस तरह के लांछन लगाए जा रहे हैं।ओवैसी मामले पर कहा कि हमारा किसी के साथ टक्कर है तो माफिया वाद से है। इस प्रकार के असामाजिक तत्व से कोई टक्कर नही है। शिवसेना हिंदुत्व मामले पर बोलते हुए कहा हम सबने बाला साहेब ठाकरे के लिए प्रार्थना की थी। शिवसेना ने बाला साहेब के निर्णय के बदले हैं।

