बॉलीवुड स्टार सलमान खान को जान से मारने की एक और धमकी मिली है. मुंबई ट्रैफिक कंट्रोल को 30 अक्टूबर को एक गुमनाम धमकी मिली जिसमें कहा गया कि अगर सलमान खान 2 करोड़ रुपये की फिरौती नहीं देते हैं तो बॉलीवुड के भाईजान को मार दिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक मुंबई पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है। मामला विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है, जिसमें जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी से संबंधित धाराएं शामिल हैं। यह घटनाक्रम उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक 20 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार करने के एक दिन बाद हुआ है, जिस पर सलमान खान और एनसीपी नेता जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। इस व्यक्ति को सोमवार को पकड़ा गया।
निर्मल नगर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने पहले विधायक जीशान सिद्दीकी के हेल्पलाइन नंबर पर एक धमकी भरा संदेश भेजा और बाद में उस पर वॉयस कॉल किया जिसमें उसने सिद्दीकी और सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी। बता दें कि जीशान के पिता बाबा सिद्दीकी, जो तीन बार विधायक और पूर्व मंत्री थे, की 12 अक्टूबर को बांद्रा में उनके बेटे के कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने एनसीपी नेता की हत्या की जिम्मेदारी ली थी जिसमें सलमान खान के साथ राजनेता के घनिष्ठ संबंधों को उनकी हत्या के कारणों में से एक बताया गया था।

