मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने के बाद राजद गठबंधन से नाता तोड़ने वाले और फिलहाल कार्यवाहक मुख्यमंत्री नितीश कुमार पर RJD ने मोर्चा खोल दिया है. राजद ने कहा कि नितीश कुमार के विश्वासघात को वो जनता के बीच लेकर जाएगी क्योंकि जनता ही मालिक है और वही नितीश को उनके कर्मों की सजा देगी। राजद ने साथ में ये भी कहा कि अब नितीश कुमार के पास बचा ही क्या है. उनका खेल अब ख़त्म हो चूका है, वो जिन बैसाखियों के सहारे आगे जाना चाहते हैं वही बैसाखियाँ ही उनका खेल पूरी तरह ख़त्म कर देंगी।
राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि जनता नितीश कुमार से हर चीज का हिसाब मांगेगी। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने जो स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में जो शानदार काम किया है, हम उन कामों को लेकर जनता के बीच जाएंगे और भाजपा की नाव के साथ नीतीश कुमार की भी नाव डूबाएंगे। कल तेजस्वी यादव ने कहा था कि हमने इतने कम समय में जातिगत जनगणना, नौकरियों पर इतना काम किया है जो पिछले दो दशकों में हो जाना चाहिए था, हम अपने उन कामों के लेकर जनता के बीच जायेंगे। इससे पहले राजद नेता शिवानंद तिवारी ने भी नीतीश कुमार पर हमला करते हुए कहा कि उन्हें इस बात पर बहुत हैरानी है कि नीतीश कुमार ने ‘सिद्धांतहीन राजनीति’ करके पापी बनना पसंद किया है। उन्होंने कहा कि महात्मा गाँधी ने ‘सिद्धांतहीन राजनीति’ को पाप की संज्ञा दी थी.
इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सुबह राज्यपााल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर से राजभवन जाकर मुलाकात कर महागठबंधन से रिश्ता खत्म होने की बात करते हुए पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. नितीश ने कहा था कि राजद के साथ सरकार चलाना लोगों को पसंद नहीं था. काफी समय से हालात सही नहीं चल रहे थे, वहीँ नितीश के इस्तीफे पर भाजपा की ओर से ज़ोरदार स्वागत किया गया. अभी ये नहीं बताया गया है कि नितीश कुमार 9वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ कब लेंगे. फिलहाल राजयपाल ने उन्हें कार्यवाहक मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया है.

