नई दिल्ली। बैंकों में फिक्स्ड डिपॉजिट FD वालों को अधिक ब्याज मिल सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक RBI ने कहा है कि बैंकों के बीच ब्याज दरों को लेकर कंपटीशन दिख रहा है। ऐसे में एफडी पर एक बार फिर ब्याज दर बढ़ा सकते हैं।
फरवरी में रेपो दर में हुई थी वृद्धि
RBI ने पिछले साल मई से इस साल फरवरी तक 2.5 प्रतिशत की बढ़त रेपो दर में की थी। RBI अप्रैल के पहले हफ्ते में मौद्रिक नीति समिति की बैठक करेगा। इसमें एक बार फिर से रेपो दर को बढ़ाने का अनुमान है क्योंकि महंगाई दर अभी भी इसके दायरे से बाहर है। इससे रेपो दर 6.75 प्रतिशत हो सकती है। ऐसे में बैंकों को कर्ज और जमा पर ब्याज दरें बढ़ाना पड सकता है। फिलहाल FD पर विभिन्न बैंक 8.50 फीसदी तक ब्याज दे रहे हैं।
अदाणी लगाएंगे हवाईअड्डों के लिए बोली
अदाणी एयरपोर्ट्स आने वाले दिनों में देश-विदेश में और अधिक हवाईअड्डों के लिए बोली लगाएगी। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीईओ अरुण बंसल ने बताया कि कंपनी हवाईड्डों की संख्या को बढ़ाना चाहती है। आने वाले कुछ सालों में एक दर्जन से अधिक एयरपोर्ट्स के निजीकरण की उम्मीद है। हम इनकी बोली में भाग लेंगे। सेंटर फॉर एविएशन समिट में उन्होंने कहा, अदाणी एयरपोर्ट्स एक विमानन संस्थान स्थापित करने पर काम कर रहा है। पहले चरण के तहत, नवी मुंबई हवाई अड्डा दिसंबर 2024 तक शुरू कर देगा। नवी मुंबई हवाई अड्डे के पहले चरण में यात्रियों को संभालने की क्षमता 2 करोड़ होगी। कंपनी के पास इस समय देश के 7 एयरपोर्ट हैं।

