नई दिल्ली। कोरोना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन के बाद अब धीरे-धीरे क्रिकेट की वापसी हो रही है. जहां एक ओऱ इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज खेली जा रही है वहीं दूसरी ओर बाकी टीमों के खिलाड़ी मैदान पर प्रैक्टिस के लिए वापसी कर रहे हैं. अफगानिस्तान के स्टार खिलाड़ी राशिद खान ने भी स्टेडियम जाकर अभ्यास करना शुरू कर दिया है. हालांकि वह गेंदबाजी नहीं बल्कि बल्लेबाजी करते दिखे वह भी बिलकुल धोनी के अंदाज में.
राशिद ने खेला हेलीकोप्टर शॉट
राशिद खान आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हैं. उनकी टीम ने खास वीडियो शेयर किए जिसमें राशिद स्टेडियम में बल्लेबाजी करते दिख रहे हैं. उन्होंने पारंपरिक कुर्ता-पजामा पहना हुआ है. राशिद टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलते दिख रहे हैं. उन्होंने फुलटॉस गेंद पर लॉन्ग ऑन की ओर धोनी का ट्रेड मार्क हेलीकोप्टर शॉट खेलकर छक्का लगाया. फैंस को राशिद का यह अंदाज काफी पसंद आया. कुछ ने कहा कि सनराइजर्स को राशिद से ओपनिंग करानी चाहिए वहीं कुछ ने राशिद की टीम को आईपीएल का विजेता कहा. आईपीएल में वह साल 2017 में चार करोड़ रुपए में सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़े थे और तबसे इसी टीम के साथ जुड़े हुए हैं. अपने पहले सीजन में वह 17 विकेट लेकर पर्पल कैप की दौड़ में छठे नंबर पर रहे थे.
मां को हो गया था निधन
पिछले महीने ही राशिद को बड़ा झटका लगा था जब उनकी मां का निधन हुआ था. डेढ़ साल पहले राशिद खान ने अपने पिता को भी खो दिया था. दिसंबर 2018 में उनके पिता चल बसे थे. उस वक्त राशिद खान ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में एडिलेड स्ट्राइकर्स के लिए खेलने उतरे थे. अपने पिता के निधन के अगले दिन भी राशिद खान मैच खेलने उतरे थे
वर्ल्ड कप जीते तब शादी
अफगानिस्तान के स्पिन गेंदबाज और टी20 कप्तान राशिद खान ने आपनी शादी को लेकर बड़ा खुलासा किया है. अफगानिस्तान क्रिकेट के सबसे स्टार समझे जाने वाले राशिद का कहना है कि वह सगाई औऱ शादी तब करेंगे जब उनका देश क्रिकेट वर्ल्ड कप अपने नाम कर लेगा. उससे पहले उनका इस बारे में कोई विचार नहीं है. टी20 के नंबर वन गेंदबाज ने अब तक 7 सात टेस्ट , 67 वनडे और 48 टी20 मैच खेले हैं. राशिद अपने देश के लिए 200 से ज्यादा विकेट ले चुके हैं.

