लखनऊ। Purvanchal Vidhan Sabha Seats – बहुजन समाज पार्टी ने पूर्वांचल के 9 जिलों की 47 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। बसपा ने रविवार को आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र की विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान किया है। इन सीटों पर बसपा ने प्रत्याशियों के ऐलान के पहले सियासी समीकरणों का पूरा ध्यान रखा है।
आजमगढ़ में जातिय-धार्मिक समीकरणों का रखा ख्याल
बसपा ने आजमगढ़ की सभी 10 सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। जिसमें अतरौलिया से डॉक्टर सरोज पांडेय, गोपालपुर से रमेश चंद्र यादव, सगड़ी से शंकर यादव, मुबारकपुर से अब्दुस्सलाम, आजमगढ़ सदर से सुशील कुमार सिंह, निजामाबाद से पीयूष कुमार सिंह यादव, फूलपुर पवई से शकील अहमद, दीदारगंज से भूपेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना ठेकमा, लालगंज सुरक्षित सीट से आजाद अरिमर्दन उर्फ पप्पू और मेंहनगर सुरक्षित सीट से पंकज कुमार को चुनावी मैदान में उतारा है। बसपा ने इन सभी सीटों पर जाति और सियासी समीकरणों का पूरा ध्यान रखा है।
Read also: उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी और मजलिस का संभावित गठजोड़
मुख्तार की चुनौती बढ़ाई, प्रदेश अध्यक्ष को दिया मौका
इसी क्रम में बसपा ने मऊ की सदर विधानसभा सीट से अपने प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर को टिकट दिया है। गौरतलब है कि यहां से बाहुबली मुख्तार अंसारी विधायक हैं जो 2017 में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़े थे। इस बार मायावती ने मुख्तार को टिकट नहीं देने का ऐलान करते हुए अपने प्रदेश अध्यक्ष को प्रत्याशी बनाया था। वही मधुबन हॉट सीट से बसपा ने नीलम सिंह कुशवाहा को चुनावी मैदान में उतारा है। गौरतलब है कि इस सीट से भाजपा के दिग्गज नेता रहे और बिहार के राज्यपाल फागू सिंह चौहान के बेटे को भारतीय जनता पार्टी ने टिकट दिया है तो वहीं समाजवादी पार्टी ने पूर्व विधायक सुधाकर सिंह को उतारकर यहां की लड़ाई को और रोचक बना दिया है। वही घोसी विधानसभा सीट से बसपा ने वसीम इकबाल को चुनावी मैदान में उतारा है। इस सीट पर भी प्रदेशवासियों की नजर है क्योंकि यहां से समाजवादी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी से बगावत कर आए कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान को मौका दिया है। जबकि बसपा ने 2017 में अपने पहले घोषित प्रत्याशी वसीम इकबाल को उतारा है। गौरतलब है कि 2017 में अंसारी परिवार के बसपा में आने के बाद मुख्तार अंसारी के बड़े बेटे अब्बास अंसारी को बसपा ने टिकट दिया था और वसीम इकबाल का टिकट काट दिया था। वही मोहम्मदाबाद गोहना से बसपा ने धर्म सिंह गौतम को चुनाव मैदान में उतारा है।
जौनपुर के प्रत्याशियों का भी ऐलान
बसपा ने जौनपुर की बदलापुर से मनोज सिंह, शाहगंज से इंद्रदेव यादव, मुंगरा बादशाहपुर से दिनेश शुक्ला, मछलीशहर सुरक्षित से डॉक्टर विजय पासी, जफराबाद से संतोष कुमार मिश्रा, केराकत सुरक्षित से लाल बहादुर सिद्धार्थ को टिकट दिया है।
अखिलेश के प्रमुख सहयोगी की मुश्किलें बढ़ाईं
बहुजन समाज पार्टी ने गाजीपुर में सपा गठबंधन के सामने मुश्किलों का पहाड़ खड़ा कर दिया है। गाजीपुर की जहूराबाद सीट से मायावती ने प्रसताव से बगावत कर आई सैयदा शादाब फातिमा को चुनावी मैदान में उतारा है। इस सीट पर सपा के सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर दावेदारी कर रहे हैं। वह इस सीट से विधायक भी हैं। बसपा ने शादाब फातिमा को टिकट देकर राजभर की राहें मुश्किल कर दी हैं। इसके अलावा जखनिया सुरक्षित से रुदल कुमार गौतम, सैदपुर सुरक्षित से डॉक्टर विनोद कुमार, गाजीपुर से डॉक्टर राजकुमार सिंह गौतम, जंगीपुर से मुकेश सिंह, मोहम्मदाबाद से माधवेंद्र राय और जमानिया से परवेज खान को चुनावी मैदान में उतारा है।
Read also: भाजपा झूठों की पार्टी है : अखिलेश यादव
चंदौली, बनारस, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही के प्रत्याशियों का भी किया ऐलान
बसपा ने इसी क्रम में चंदौली, बनारस, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही की भी विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिए हैं। जिसमें से चंदौली की सैयदराजा से अमित यादव उर्फ लाला, चकिया सुरक्षित से विकास गौतम आजाद को प्रत्याशी बनाया है। वहीं बनारस की पिंडरा से बाबूलाल पटेल, अजगरा सुरक्षित से रघुनाथ चौधरी, शिवपुर से रवि मौर्या, रोहनिया से अरुण सिंह पटेल, वाराणसी उत्तर से श्याम प्रकाश उर्फ रेखा राजभर, वाराणसी दक्षिण से दिनेश कसौधन गुप्ता, वाराणसी कैंट से कौशिक कुमार पांडे एडवोकेट और सेवापुरी से अरविंद कुमार त्रिपाठी को बसपा का टिकट दिया गया है। इसी क्रम में बसपा ने भदोही जिले से भदोही सीट से हरिशंकर उर्फ दादा चौहान, ज्ञानपुर से उपेंद्र कुमार सिंह और आय सुरक्षित से कमला शंकर भारती को मौका दिया है। इसके अलावा मिर्जापुर की छानबे सुरक्षित सीट से धनेश्वर गौतम, मिर्जापुर से राजेश कुमार पांडेय, मझवां से पुष्प लता बिंद, चुनार से विजय सिंह पटेल, मड़िहान से नरेंद्र सिंह कुशवाहा को मौका दिया गया है। जबकि सोनभद्र की घोरावल से मोहन कुशवाहा और राबर्ट्सगंज से अविनाश शुक्ला को प्रत्याशी बनाया गया है।

