घमंडी! देश के पीएम पर एक गवर्नर का गंभीर आरोप

आर्टिकल/इंटरव्यूघमंडी! देश के पीएम पर एक गवर्नर का गंभीर आरोप

Date:


घमंडी! देश के पीएम पर एक गवर्नर का गंभीर आरोप

अमित बिश्‍नोई

जब कोई सरकार का नुमाइंदा अपनी ही सरकार पर और अपनी सरकार के सबसे बड़े नेता को लगातार कटघरे में खड़ा करने की कोशिश करे, शीर्ष नेतृत्व पर सीधे हमले करे तो उसके लिए बड़ी असमंजस वाली स्थिति हो जाती है विशेषकर तब जब वह व्यक्ति राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर बैठा हो. जी हाँ! मेघालय के मौजूदा राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने एकबार फिर प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा हमला बोला है, पांच राज्यों के राज्यपाल होने का तजुर्बा रखने वाले सत्यपाल मलिक ने इस बार पीएम मोदी पर सबसे बड़ा हमला बोलते हुए उन्हें घमंडी बोल दिया है वह भी एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान।

दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो बड़ी तेज़ी से वायरल हो रहा है जिसमें सत्यपाल मलिक हरियाणा के चरखी दादरी में आयोजित एक कार्यक्रम में कह रहे हैं, “मैं जब किसानों के मामले में प्रधानमंत्री से मिलने गया तो मेरी पांच मिनट में उनसे लड़ाई हो गई. वो बहुत घमंड में थे. जब मैंने उनसे कहा कि हमारे 500 लोग मर गए, कुटिया भी मरती है आप चिठ्ठी लिखते हो, तो वह बोले कि मेरे लिए मरे हैं? मैंने कहा आपके लिए ही तो मरे हैं, जो आप राजा बने हुए हो वह उनकी वजह से हो बने हो. खैर मेरा झगड़ा हो गया. उन्होंने कहा अब आप अमित शाह से मिल लो. फिर मैं अमित शाह से मिला.’ वीडियो में आगे वह बताते हैं कि मैं अमित शाह से मिला, उसने कहा कि सतपाल इसकी अक़्ल मार रखी है लोगों ने, तुम बेफिक्र रहो, मिलते रहो, यह किसी न किसी दिन समझ में आ जायेगा।”

Read also: प्रधानमंत्री मोदी की रैली के साथ मणिपुर में जोर पकड़ेगा भाजपा का चुनावी अभियान

सत्यपाल मलिक का केंद्र सरकार या प्रधानमंत्री मोदी पर यह कोई पहला हमला नहीं है, किसान आंदोलन के दौरान उन्होंने कई बार मोदी सरकार पर सीधा अटैक किया है, यहाँ तक कि गवर्नर की कुर्सी भी छोड़ने को तैयार थे. इससे पहले जब वह गोवा के गवर्नर भी थे तब भी उन्होंने गोवा की भाजपा सरकार के ऊपर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे. राजस्थान के एक कार्यक्रम में भी उन्होंने ने पीएम मोदी के कुत्ते के पिल्ले वाले बयान की बात करते हुए कहा था कुत्ते का पिल्ला मर जाता है तब भी संवेदना प्रकट की जाती है लेकिन सैकड़ों किसान आंदोलन में शहीद हो गए लेकिन एक शब्द भी मुंह से नहीं निकला’.

अब सवाल उठता है कि संवैधानिक पद पर बैठा भारत के राष्ट्रपति का एक नुमाइंदा आये दिन सरकार और सत्ता के शीर्ष को निशाना बनाता है फिर भी ख़ामोशी छाई रहती है, उन्हें एक राज्य से दूसरे राज्य तो भेज दिया जाता है मगर उन्हें हटाने की बात कभी नहीं होती। मौजूदा भाजपा और प्रधानमंत्री की कार्यशैली को देखकर लोगों को इस बात पर बहुत हैरत होती है कि ऐसी क्या मजबूरी है जो सत्यपाल मलिक को पीएम मोदी और भाजपा बर्दाश्त कर रहे हैं. हालाँकि सतपाल मलिक इस बात को साफ़ तौर पर कहते हैं कि मैं जब जब भी सरकार या सत्ता शीर्ष पर कुछ प्रतिकूल टिप्पणी करता हूँ तो एक हफ्ते तक उन्हें इस बात की आशंका रहती कि शायद चिट्ठी आने वाली है.

Read also: प्रधानमंत्री मोदी देंगे औद्योगिक नगरी को मेट्रो रेल का नायाब तोहफा

दरअसल भाजपा की दुविधा यह भी है कि सत्यपाल मलिक को नरेंद्र मोदी की सरकार ने ही राज्यपाल बनवाया है. तो उनके खिलाफ कार्रवाई कैसे की जाय , उनके खिलाफ बयानबाज़ी भी कैसे की जाय क्योंकि वह राज्यपाल हैं. इसके अलावा वह जाट समुदाय से आते हैं, यूपी में चुनाव सर पर हैं, किसान आंदोलन के चलते जाट पहले से ही ख़फ़ा हैं, ऐसे में सतपाल मलिक को हटाना पैरों पर कुल्हाड़ी मारने जैसा होगा। जाट समुदाय और भड़क उठेगा। चूंकि यूपी समेत पांच राज्यों में चुनाव हैं इसलिए उसे डर है कि विपक्ष इसे एक मुद्दा बना देगी, हालाँकि इस वीडियो के सामने आने के बाद विपक्ष की प्रतिक्रिया भी आने लगी है और उसने पीएम मोदी और भाजपा को घेरना भी शुरू कर दिया है. लेकिन सतपाल मलिक जिनका कार्यकाल सितंबर 2022 तक है, जिस तरह से पीएम मोदी पर सीधा हमला कर रहे हैं उससे भाजपा को कितना नुकसान होगा, आसानी से इसका अंदाज़ा लगाया जा सकता है!

Read also: आरएसएस का नाम लेकर गलती कर दीः सत्यपाल मलिक

दरअसल गवर्नर सत्यपाल मलिक को लेकर भाजपा के लिए सांप छछूंदर जैसी स्थिति हो गयी, न निगलते बन रहा और न उगलते। वैसे विपक्ष के अलावा और भी बहुत से लोग प्रधानमंत्री को घमंडी कहते रहे हैं लेकिन एक राज्यपाल द्वारा देश के प्रधानमंत्री को घमंडी कहना एक बहुत बड़ी बात है जो कहीं न कहीं भाजपा के लिए भी चिंता का विषय है, अब देखना है कि पीएम मोदी पर इतना बड़ा आरोप लगाने के बावजूद क्या गवर्नर सत्यपाल मलिक अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। भूलना नहीं चाहिए कि एक गवर्नर का देश के पीएम पर यह एक गंभीर आरोप है.

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related