अपने वादे के मुताबिक प्रियंका गाँधी आज रायबरेली पहुँच गयी और जाते ही उन्होंने अमेठी और रायबरेली के पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। कार्यकर्ताओं के साथ इस बैठक में अमेठी से प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा भी मौजूद रहे, प्रियंका से पहले उन्होंने भी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया और पिछले 40 सालों के अमेठी और रायबरेली के अपने अनुभवों को साझा किया। प्रियंका ने कार्यकर्ताओं को हौसला बढ़ाते हुए कहा कि रायबरेली वो किला है, जिसे BJP पिछले चुनाव में गिरा नहीं पाई, क्योंकि इस किले की रक्षा यहां की जनता ने की थी। रायबरेली से हमेशा पूरे देश में सही संदेश जाता है। यहां से जो संदेश देश में जाएगा, उसकी चर्चा पूरी दुनिया में होगी।
प्रियंका ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र को मजबूत बनाने वाले सभी संस्थानों को नरेंद्र मोदी सरकार ने कमजोर कर दिया है। BJP चाहती है कि जनता के अधिकार कमजोर हों और इनकी सत्ता मजबूत होती रहे। महात्मा गांधी और पंडित नेहरु जैसे नेताओं ने आंदोलन किया था, ताकि जनता के अधिकार मजबूत हों। प्रियंका कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए बताया कि हमारी एक खासियत है कि हम सब में लड़ने की हिम्मत है। अमेठी-रायबरेली का कार्यकर्ता मुश्किल से मुश्किल परिस्थितियों में भी खड़ा रहता है और हिम्मत नहीं हारता है। इसलिए अमेठी-रायबरेली का हमेशा से इस देश के इतिहास में अलग स्थान रहा है।
प्रियंका ने कहा कि मैं सभी साथियों का स्वागत करती हूं। मंच पर किशोरी लाल शर्मा जी मौजूद हैं, जो अमेठी से हमारे उम्मीदवार हैं। मैंने किशोरी लाल शर्मा जी से ही चुनाव का संचालन सीखा है। प्रियंका ने कहा कि अब से 338 घंटे बचे हैं, इसमें से कुछ घंटे आपके सोने के लिए हैं और बाकी सब मेरे हैं. मैं आपको दौडाऊंगी, ढिलाई पर डाटूंगी मगर आपके साथ कंधे से कन्धा लगाऊंगी। प्रियंका ने कहा कि अभी अगर किसी को डर लग रहा हो तो वो पीछे हट सकता है, इसके बाद मैं पीछे हटने नहीं नहीं दूँगी

