प्रियंका गांधी की बढ़ती सक्रियता ने कांग्रेस में फूंकी जान
महापंचायतों में भारी भीड़ जुटाने का प्रयास कर रहे हैं कांग्रेसी
मेरठ। वेस्ट यूपी में सियासी जमीन तलाशने की कमान संभाल रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के 15 फरवरी को मेरठ और बिजनौर के दौरे की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रियंका गांधी की बढ़ती सक्रियता से उत्साहित कांग्रेस कार्यकर्ता प्रियंका गांधी की महापंचायतों में भारी भीड़ जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। सहारनपुर में किसान महापंचायत को संबोधित कर चुकी प्रियंका गांधी के तीखे तेवरों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है, वहीं किसानों की उमड़ी भीड़ ने पार्टी में जान फूंक दी है।
कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों को एकजुट करने और वेस्ट यूपी में कांग्रेस का खोया अस्तित्व वापस पाने के लिये कांग्रेस ने जय जवान-जय किसान के नारे के साथ वेस्ट यूपी में महापंचायतों का सिलसिला शुरू किया था। 10 फरवरी को सहारनपुर के चिलकाना में महापंचायत को संबोधित कर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अभियान की शुरूआत कर दी है। अब प्रियंका गांधी 15 फरवरी को मेरठ के सरधना विधानसभा क्षेत्र और बिजनौर के कैली गांव में किसान महापंचायत को संबोधित करेंगी। प्रियंका गांधी के दौरे को लेकर उत्साहित कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों से संपर्क कर महापंचायत को सफल बनाने में जुटे हैं।
10 फरवरी सहारनपुर में काला कुर्ता पहने गले में भगवा गमछा और माथे पर लाल टीका लगाकर महापंचायत को अलग ही अंदाज में संबोधित करने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा ने पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने पीएम पर अपने पूंजीपति दोस्तों को लाभ पहुंचाने का आरोप भी लगाया था। प्रियंका गांधी के अलग अंदाज और तीखे तेवरों ने वेस्ट यूपी के कांग्रेसियों में नयी ऊर्जा का संचार किया है। मेरठ और बिजनौर में होने वाली महापंचायतों में भी भारी संख्या में किसानों के जुटने का दावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं द्वारा किया जा रहा है।

