कांग्रेस विधायक के बयान की निंदा कर बलात्कार को जघन्य अपराध बताया
नई दिल्ली। रेप के मजे लिजिये का विवादित बयान देने वाले कांग्रेस विधायक को प्रियंका गांधी ने जमकर लताड़ लगायी है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर इस बयान की निंदा की और बलात्कार को जघन्य अपराध बताया।
कर्नाटक विधानसभा में कांग्रेस विधायक रमेश कुमार के जब दुष्कर्म होना ही है तो लेट कर मजे लिजिये के विवादित बयान को लेकर विपक्ष लगातार कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से सवाल पूछ रहा था। क्योंकि प्रियंका गांधी अपने अभियान लड़की हूं, लड़ सकती हूं को आगे बढ़ाते हुए महिलाओं से अपने हक के लिये लड़ने की प्रेरणा दे रही थीं। कांग्रेस विधायक के इस विवादित बयान पर विपक्ष खासकर भाजपा ने प्रियंका गांधी पर निशाना साधा हुआ था।
कांग्रेस महासचिव ने भी विपक्ष के सवालों का जवाब देने में देर नहीं लगायी और कांग्रेस विधायक को उनके बयान पर जमकर लताड़ लगा दी। प्रियंका गांधी ने आज इस बारे में ट्वीट कर लिखा की ‘मैं केआर रमेश कुमार द्वारा दिए गए बयान की पूरी तरह निंदा करती हूं। प्रियंका ने कहा कि यह समझ से परे है कि कोई कैसे इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल कर सकता है। इसका बचाव नहीं किया जा सकता है। प्रियंका ने साफ तौर पर कहा, बलात्कार एक जघन्य अपराध है, बात खत्म.’
कर्नाटक विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक केआर रमेश कुमार ने भी अपने बयान पर माफी मांगते हुए कहा कि मैं बिना किसी बचाव के अपनी गलती स्वीकार करता हूं। हालांकि विधायक यह कहने सेे भी नहीं चूके की उन्होंने तो सिर्फ एक पुरानी कहावत विधानसभा में दोहराई थी। मेरा इरादा किसी महिला को अपमानित करने का नहीं था।

