कोरोना संक्रमण और कोरोना से मौत के आंकड़ों में कमी आने से प्रशासन ने ली राहत की सांस
प्रयागराज – कोरोना संक्रमण के कोप का भाजन बन रहे प्रयागराज को अब कोरोना संक्रमण से राहत मिलती दिख रही है। प्रशासन की सख्ती और लोगों की समझदारी के कारण कोरोना संक्रमितोें की संख्या में कमी आती जा रही है। बुधवार को जहां 516 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं वहीं कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या में भी कमी आयी और बुधवार को 4 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। कोरोना संक्रमण और कोरोना से मौत के आंकड़ों में कमी आने से प्रशासन राहत की सांस जरूर ले रहा है मगर वह ढील बरतने को तैयार नहीं है।
बुधवार को 516 नये कोरोना संक्रमित मिलने के साथ प्रयागराज जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 73314 हो गया है। जिले में कोरोना एक्टिव केस अब 8948 हो गये हैं। आज 1665 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किये जाने के बाद कोरोना को मात देने वालो का आंकड़ा 63639 हो गया है। वहीं आज 4 कोरोना संक्रमितों की मौत हो जाने से संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 727 हो गयी है। (आंकड़ों का स्रोतः कोविड19इंडिया.ओआरजी)
पुलिस ने दिखाई सख्ती, नियम तोड़ते 298 किये गिरफ्तार
कोविड गाइडलाइन का पालन न करने वालों पर बुधवार को प्रयागराज पुलिस ने सख्त कार्रवाई की और जिले में 298 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की है। जिले में 352 व्यक्तियों के खिलाफ 63 मुकदमे दर्ज किये गये है। बिना मास्क के पकड़े गए 621 व्यक्तियों का चालान कर एक लाख 88 हजार 750 रुपये जुर्माना वसूल किया गया है। पुलिस ने आज 148 गाड़ियों का चालान कर उनसे 1150 रुपये शमन शुल्क वसूल किया।
प्रयागराज में कोविड 19 की गाइड लाइन का सख्ती से पालन कराने के लिये डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी खुद सड़कों पर निरीक्षण कर रहे हैं। डीआईजी के आदेश पर पुलिस ने सड़क पर थूकने वाले लेखपाल रामकुमार पर 500 रुपये का चालान कर दिया। पुलिस सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने वाले और बिना मास्क पहने सड़कों पर निकलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।

