लखनऊ। लोकसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद अब सपा के सहयोगी दल भी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साध रहे हैं। सपा के सहयोगी दल सुभसपा के अध्यक्ष ओमप्रकार राजभर ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश को नसीहत दी है कि वो एसी को छोड़कर गांव—कसबों में जाए और पार्टी को बचाने का काम करें। उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि सपा मुखिया अखिलेश यादव की सुस्ती पार्टी नैया डुबो रही है। जनवादी पार्टी सोशलिस्ट के अध्यक्ष डा. संजय चौहान ने भी कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को उपचुनाव में अति आत्मविश्वास लेकर डूब गया।
Read also: UP News Live Updates: रामपुर और आजमगढ़ उपचुनाव में जीत के बाद सीएम योगी ने दिया रिटर्न गिफ़्ट
ओमप्रकाश और संजय चौहान का कहना है कि अखिलेश यादव दो विधानसभा तथा दो लोकसभा उपचुनाव हारने के बाद भी राजनीति के दांवपेंच नहीं सीख पाए हैं। इसी सुस्ती के चलते वो सपा के दोनों गढ़ आजमगढ़ तथा रामपुर गंवा बैठे हैं। उपचुनाव में हार के बाद सपा प्रमुख पर की गई ये तल्ख टिप्पणी सपा के सहयोगी दलों का अखिलेश के नेतृत्व पर सवाल खड़े कर रहा है। अगर अखिलेश समय के अनुसार अपने में बदलाव नहीं लाते तो ये सभी सहयोगी एक—एक कर उनसे दूर हो जाएंगे। ओम प्रकाश और संजय चौहान तो ये संदेश दे ही चुके हैं। दोनों नेताओं ने अपने तेवर दिखा दिए हैं। ओम प्रकाश का कहना है कि मैं लगातार अखिलेश यादव से कह रहा हूं कि एसी कमरे से बाहर निकलकर गांव-कस्बों में चलो, लोगों से मिलो। लेकिन उन्होंने नहीं सुनी और आजमगढ़ तथा रामपुर के उपचुनाव में प्रचार करने तक नहीं गए। बीते विधानसभा चुनावों में सपा मुखिया ने प्रत्याशी चयन में काफी देरी की थी। जिसके चलते चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी को पूरा समय नहीं मिल सका। अब यही गलती अखिलेश ने आजमगढ़ और रामपुर के उपचुनावों में की। इन सीटों पर उन्होंने चुनाव प्रचार नहीं किया। जबकि आजमगढ़ तो उनकी अपनी थी। इसलिए इस सीट पर उन्हें प्रचार के लिए जाना चाहिए था। लेकिन अखिलेश अपनी सुस्ती के चलते आजमगढ़ ही नहीं रामपुर सीट भी हार गए।

