बिहार में नए राजनीतिक घटनाचक्र के बाद जेडीयू ने भाजपा को तिलांजलि देकर अपने पुराने सहयोगी राजद को पकड़ लिया है, भाजपा पर तमाम गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री नितीश कुमार ने राज्यपाल को अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया है. इस पूरे मामले में अब भाजपा की प्रतिक्रिया सामने आयी है. बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने इसे बिहार और भाजपा के साथ नितीश कुमार की धोखेबाज़ी बताया है, उन्होंने कहा कि यह जनादेश का घोर अपमान है। वहीँ लेटेस्ट अपडेट यह है कि इस्तीफे के बाद नितीश कुमार तेजस्वी यादव से मिलने गए जहाँ उन्हें राजद का समर्थन पत्र मिल गया है और अब वो एकबार फिर राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
नितीश कुमार के भाजपा से गठबंधन तोड़ने पर भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेस में कहा कि जनता ऐसा करने वालों को सबक सिखा देगी। बिहार बीजेपी प्रमुख संजय जायसवाल ने नीतीश के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमने गठबंधन के तहत 2020 का विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ा था. बिहार की जनता ने जेडीयू और बीजेपी को सरकार बनाने का जनादेश दिया था. उन्होंने कहा कि चुनाव में भाजपा ने ज्यादा सीटें जीती थीं लेकिन हमने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया. उन्होंने कहा कि आज बिहार में जो कुछ हुआ है वह यहाँ के लोगों और भाजपा के साथ धोखा है.
गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने आज सुबह पार्टी विधायकों और सांसदों की बैठक के बाद बीजेपी के साथ औपचारिक रूप से गठबंधन तोड़ने का ऐलान किया था. इसके बाद नीतीश कुमार ने चार बजे राजभवन जाकर राज्यपाल फागु चौहान से मुलाकात कर अपना त्यागपत्र सौंप दिया. विधायक दल की बैठक में नीतीश ने भाजपा पर काफी गंभीर आरोप लगाए थे. नितीश ने कहा था कि अमित शाह चाहते थे कि बिहार में जेडीयू का वजूद समाप्त हो जाय.

