- सिद्धू ने फिर से कांग्रेस पर साधा निशाना
चंडीगढ। पंजाब में पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार और अब चन्नी सरकार के फैसलों को लेकर हमलावर नवजोत सिंह सिद्धू ने आज फिर से अपनी ही पार्टी की नीतियों पर सवाल उठा दिए। सिद्धू ने कहा कि पौने 5 साल तक सत्ता की मौज उठाने वाले अब आखिर के 2 महीने में लाॅलीपाॅप बांट रहे हैं। सिद्धू ने पूछा कि जो सब्सिडी बांटने का ऐलान कर रहे हैं उसके लिए पैसा आएगा कहां से? पंजाब के विकास का रोड मैप क्या है यह जनता के सामने रखना चाहिए।
Read also: सिद्धू को ‘सिद्ध’ करने में बीता सीएम चन्नी का पहला महीना
गौरतलब है कि आज पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने बिजली में दरों में 3 रुपये की कटौती करते हुए इसे दिवाली गिफ्ट बताया। हालांकि सीएम चन्नी ने यह ऐलान चुनाव की वजह से किए जाने से इनकार किया। लेकिन उन्हीं की पार्टी के प्रदेश प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने सीएम चन्नी के प्रयासों पर पानी फेरने मैं कोई कसर नहीं छोड़ी। नवजोत सिंह सिद्धू ने सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पंजाब का कल्याण कैसे होगा यह कोई बताने को तैयार नहीं है। सत्ता के आखिरी 2 महीने में जनता से आसमान जमीन पर लान,े तारे तोड़ कर देने के वादे करने वाले यह बताएं कि आखिर यह सब देंगे कहां सेद्य सिद्धू ने कहा कि झूठे वादे कर सत्ता हासिल करने की कोशिश की जा रही है, अब राजनीति मिशन नहीं धंधा बन चुकी है। 5 लाख करोड़ रुपये का कर्जा पंजाब पर है जो यहां की जनता को ही चुकाना होगा। पंजाब का खजाना खाली है, पंजाब में इंडस्ट्री आने को तैयार नहीं है।
Read also: चाहें तो सिद्धू बन जायें सीएम, मैं पद छोड़ने को तैयारः चन्नी
सिद्धू ने कहा कि अब लोगों को फैसला करना ही होगा कि उन्हें सत्ता के सिंहासन पर किसी चोर को बिठाना है या ईमानदार का। अंत में सिद्धू ने ‘मैं हूं ना’ कहकर संबोधन तो खत्म कर दिया मगर कई नई संभावनाओं की शुरुआत कर दी। क्योंकि सिद्धू ने यह भी कहा कि इस बार पंजाब को पार्टियों से ऊपर उठकर अपना वारिश चुनना होगा। ऐसे में अटकलें लगाई जा रही हैं कि नवजोत सिंह सिद्धू का रुख कांग्रेस के प्रति कड़ा ही रहेगा और वह आगामी विधानसभा चुनाव में पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह और भाजपा से भी बड़ी चुनौती कांग्रेस के लिए बन सकते हैं।

