खीमपुर खीरी में हुई हिंसा के मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा से 3 दिन तक पुलिस करेगी पूछताछ
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा की 3 दिन की रिमांड का समय मुश्किलों भरा गुजरने वाला है। हिंसा को लेकर आशीष से पुख्ता साक्ष्य हासिल करने के प्रयास में पुलिस सवालों की बौछार करेगी। सबसे मुश्किल सवाल होगा कि हिंसा के दिन 54 मिनट तक आशीष कहां था। आशीष का आने वाला समय इस सवाल पर सबसे ज्यादा निर्भर करता है।
3 के फेर में फंस गये ‘मोनू भईया’
केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी का बेटा और लखीमपुर हिंसा का मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा ने गिरफ्तार होने से पहले अपनी बेगुनाही का सबूत देने के लिये अनेक वीडियो और शपथ पत्र भी दिखाये मगर जांच एजेंसियों की सुईं हिंसा के 54 मिनट पर ही अटकी रही। इस समय का हिसाब आशीष मिश्रा देने में नाकाम रहा तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आशीष मिश्रा को आज अदालत ने तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
मुश्किलों से भरा है आशीष मिश्रा का आने वाला समय
माना जा रहा है कि 3 दिन की रिमांड के दौरान पुलिस उन 54 मिनट का जवाब आशीष से मांगेगी। तिकुनिया में हुई हिंसा एक अचानक हुई घटना थी या सुनियोजित साजिश, इसका पता लगाने को भी प्रयास किया जायेगा। जिस थार जीप ने किसानों को कुचला क्या उसमें आशीष भी सवार था इस सवाल का जवाब भी तलाशा जायेगा। आशीष के गोपनीय मोबाइल नंबरों की जांच करने के लिये इलेक्ट्राॅनिक सर्विलांस की मदद भी ली जा सकती है। बताया गया की पुलिस के पास किसानों को कुचलने वाली थार जीप का एक सीसीटीवी फुटेज भी है जिसमें आशीष मिश्रा जैसा दिखने वाला व्यक्ति बैठा दिख रहा है। वह आशीष है या कोई और, इस सवाल का जवाब भी आशीष मिश्रा को देना होगा।

