लखीमपुर खीरी हिंसा में मुख्य आरोपित आशीष मिश्रा है 14 दिन की न्यायिक हिरासत में
लखीमपुर खीरी। सुप्रीम कोर्ट की सख्ती और विपक्षी दलों के चैतरफा दबाव के कारण लखीमपुर खीरी के तिकुनिया हिंसा मामले में मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा शनिवार को क्राइम ब्रांच के सामने पेश होने को मजबूर हो गया। 12 घंटे तक चली पूछताछ के बाद जवाबों से संतुष्ट न होने पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र को गिरफ्तार कर लिया गया। शनिवार रात को 11 बजे गिरफ्तार किये गये आशीष मिश्रा को मेडिकल कराने के बाद क्राइम ब्रांच ने सीजेएम कोर्ट में पेश किया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस पूछताछ के लिए आशीष मिश्रा को रिमांड पर लेने के लिये सोमवार को रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष अर्जी दाखिल करेगी।
Read also: लखीमपुर खेरी हिंसा मामले में पुलिस के समक्ष पेश हुए आशीष मिश्रा, पूछताछ जारी
पिछले रविवार को लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में चार किसानों सहित आठ लोगों की मौत हो गयी थी। इस मामले में केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा का बेटा आशीष मिश्रा उर्फ मोनू मुख्य आरोपित है। घटना के बाद से फरार चल रहे आशीष मिश्रा शनिवार को क्राइम ब्रांच के कार्यालय में पेश हुआ जहां उससे लंबी पूछताछ की गयी। आशीष मिश्रा ने जांच टीम को अपनी बेगुनाही के सुबूत भी दिये। घटना से जुड़े कई वीडियो अलग-अलग पेन ड्राइव में लेकर आने वाले आशीष मिश्रा ने कई शपथपत्र भी क्राइम ब्रांच को दिखाये। मगर आरोपित आशीष मिश्रा हिंसा के दौरान 2.36 से 3.30 के बीच घटनास्थल की बजाये कहीं और होने का सबूत पेश नहीं कर पाया। घटना के समय आशीष कहां था यह स्पष्ट न होने के कारण पुलिस अधिकारियों ने जांच में सहयोग न करने और सही जवाब न देने को आधार मानते हुए आशीष को गिरफ्तार किया था।
अब तक के हालात देखकर लगता है की आशीष मिश्रा के लिये आने वाला समय मुश्किलों से भरा होने वाला है। वहीं उसके पिता केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी पर भी राजनीतिक दबाव बढ़ जायेगा। ऐसे में अजय मिश्रा आने वाले समय में खुद ही इस्तीफा देने को मजबूर हो जायें तो कोई आश्चर्य नहीं होगा।
Read also: आशीष मिश्रा हुआ पेश, क्राइम ब्रांच करेगी पूछताछ
वहीं उत्तर प्रदेश के एडीजी लाॅ एंड आर्डर प्रशांत कुमार का कहना है कि लखीमपुर खीरी पुलिस ने आशीष मिश्रा की हिरासत लेने के लिए आवेदन किया है। हमारा प्रयास है कि हिंसा के मामले में आरोपित आशीष को कस्टडी में लेकर तीन अक्टूबर की घटना के बारे में पूछताछ की जाये।

