मेरठ – सब कुछ बंद हो और ऐसे में आपकी शादी की 50वी वर्षगांठ हो और ऐसे में पुलिस आपके घर केक ले कर पहुँच कर बधाई दे तो यह पल आपके लिए यादगार बन जाता है | कुछ ऐसा ही हुआ थाना लालकुर्ती क्षेत्र के तोपखाना इलाके में जिसे देख कर स्वजनों की ख़ुशी का ठिकाना न रहा वही आस पास के लोगो ने भी इस यादगार पल को तालिया बजा कर पुलिस का आभार व्यक्त किया |
इस लॉकडाउन में पुलिस एक ओर जहा सख्ती से लॉकडाउन का पालन करा रही है वही दूसरी ओर जरुरतमंदो को खाना खिलाने के साथ साथ लोगो के जन्मदिन और शादी की सालगिरह भी मनवा रही है | ताज़ा मामला तोपखाना इलाके का है जहा प्रशांत फौजदार का परिवार रहता है उनके अनुसार गुरुवार को उनकी माता सरला देवी और पिता चौ. लालाराम फौजदार की शादी की 50वीं सालगिरह थी। काफी समय से पूरे परिवार को इसका इंतजार था। लॉकडाउन के चलते कार्यक्रम टालना पड़ा। थाना पुलिस को कहीं से पता चला तो वह केक लेकर घर पहुंच गई। पलभर में ही खुशनुमा माहौल बन गया। माता-पिता ने केक काटा और सभी ने मिलकर उनको बधाई दी। आसपास के लोगों को पता चला तो उन्होंने भी पुलिस का आभार व्यक्त किया। थाना प्रभारी दिलीप शर्मा ने बताया कि जैसे ही उनको पता चला तो वह टीम के साथ केक लेकर पहुंच गए। सबने मिलकर केक कटवाया।

प्रशांत फौजदार ने बताया की उनके पिता 1975 में सेना से हवलदार पद से रिटायर्ड हुए थे। उन्होंने देश के लिए कई युद्ध लड़े साथ ही सेना की तरफ से पहलवान भी रहे। उनके अनुसार 50 वी सालगिरह होने की वजह से वो सभी बेसब्री से इसका इंतज़ार कर रहे थे जिसकी तैयारी काफी समय से चल रही थी लॉकडाउन के चलते मेरठ में रहने वाले उनके तीनों भाई भी नहीं आ सके अब पुलिस ने केक कटवाकर उनकी सालगिरह मनवाई है जिसकी उनको बिलकुल उम्मीद नहीं थी और वो खुश है |

