नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक ‘मन की बात’ रेडियो संबोधन में पाकिस्तान की जमकर आलोचना की। कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान ने भारत की पीठ पर छुरा घोंपा था लेकिन भारतीय सैनिकों ने अपनी बहादुरी से उसके मंसूबे नाकाम कर दिए।
पाकिस्तान को बताया दुष्ट
पीएम मोदी ने पाकिस्तान का नाम लेते हुए कहा, ‘दुष्ट का स्वभाव ही होता है, बिना वजह सभी से दुश्मनी करना, हित करने वाले का भी नुकसान करने की सोचना। पाकिस्तान ने पीठ पर छुरा घोंपा था, लेकिन उसके बाद भारत की वीर सेना ने जो पराक्रम दिखाया, जो ताकत दिखाई उसे पूरी दुनिया ने देखा।’
यह भी कहा
पीएम मोदी ने साथ ही कहा, ‘आप कल्पना कर सकते हैं–ऊंचे पहाडों पर बैठा हुआ दुश्मन और नीचे से लड़ रही हमारी सेना, हमारे वीर जवान लेकिन जीत पहाड़ की ऊंचाई की नहीं, भारत की सेनाओं के ऊंचे हौंसले और सच्ची वीरता की हुई थी।’ पीएम मोदी ने कहा कि कारगिल का युद्ध जिन परिस्थितियों में हुआ था, वो भारत कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान ने बड़े-बड़े मंसूबे पालकर भारत की भूमि हथियाने और अपने यहां चल रहे आंतरिक कलह से ध्यान भटकाने को लेकर दुस्साहस किया था।’
कारगिल दौरे का ज़िक्र भी
पीएम मोदी ने उस लड़ाई के दौर में खुद के कारगिल दौरे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘उस समय, मुझे भी कारगिल जाने और हमारे जवानों की वीरता के दर्शन का सौभाग्य मिला, वो दिन, मेरे जीवन के सबसे अनमोल क्षणों में से एक है।’

