प्रधानमंत्री मोदी अब पूरे चुनावी मूड में हैं और जब वो चुनावी मूड में चरम पर होते हैं तो किसी को भी नहीं बख्शते, फिर चाहे उनकी बाते सही हों या गलत, नैतिक हों या अनैतिक। कांग्रेस के राहुल गाँधी तो उनके निशाने पर हमेशा रहते हैं, राहुल का साथ देने वाले पर भी निशाना छोड़ने का वो कोई मौका नहीं छोड़ते। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री मोदी पुणे में एक चुनावी जनसभा में शरद पवार को भटकती आत्मा तक कह दिया और कहा कि ये भटकती आत्मा हमेशा दूसरों का खेल खराब करने में जुटी रहती है.
दरअसल महाराष्ट्र में पिछले लोकसभा चुनाव में डंका बजाने वाली भाजपा और उसका अलायन्स इस बार संकट में दिखाई दे रहा है. महाराष्ट्र से जो खबरे आ रही वो प्रधानमंत्री मोदी को विचलित किये हुए हैं. महाराष्ट्र में MVA इस बार NDA को ज़ोरदार टक्कर दे रहा है, यही वजह है कि प्रधानमंत्री मोदी के लगातार महाराष्ट्र के दौरे हो रहे हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि 45 साल से महाराष्ट्र में एक आत्मा भटक रही है और ये आत्मा लगातार देश को अस्थिर करने के प्रयास में लगी रहती है. शरद पवार का नाम न लेते हुए उन्होंने कहा कि कुछ अतृप्त आत्माएं होती हैं, उनकी इच्छाएं कभी पूरी नहीं होती। इसीलिए वो भटकती रहती हैं, चूँकि उनका काम पूरा नहीं होता इसलिए वो दुसरे के कामों को खराब करने में जुटी रहती हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि 1995 में जब महाराष्ट्र में बीजेपी-शिवसेना की सरकार आई तब भी यही आत्मा सरकार को अस्थिर करने का काम कर रही थी. आज ये आत्मा महाराष्ट्र ही नहीं, देश में भी अस्थिरता पैदा करने का खेल खेल रही है. प्रधानमंत्री ने कहा कि ये आत्मा कुछ भी कर देती है, अपनी पार्टी में भी ये आत्मा ऐसा ही करती है और ये आत्मा अपने परिवार में भी ऐसा ही कर देती है.

