न्यूज़ डेस्क – ओडिशा के पारादीप बंदरगाह के पास पिछले हफ्ते लापता हुए चीनी नाविक झांग ताई का शव रविवार को समुद्र से बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, झांग ताई शुक्रवार सुबह पारादीप इंटरनेशनल कार्गो टर्मिनल (PICT) पर जहाज की सीढ़ी खोलते समय पानी में गिर गए थे। उन्हें बचाने के लिए एक बांग्लादेशी नाविक भी कूद पड़ा, लेकिन वह असफल रहा। बांग्लादेशी नाविक को चालक दल ने सुरक्षित निकाल लिया, जबकि झांग ताई लापता हो गए।
तटरक्षक बल, NDRF, ODRAF, समुद्री पुलिस, गोताखोर और CISF की संयुक्त टीम ने खोज अभियान चलाया और रविवार को उनका शव पानी में उतराता मिला। शव को बाहर निकाल लिया गया है और जहाजरानी मंत्रालय की मदद से चीन भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
घटना के समय जहाज कच्चा लोहा लेकर बंदरगाह पर खड़ा था और माल उतारने के बाद रवाना होने की तैयारी में था।

