शनिवार को मिले 5654 नये कोरोना संक्रमित
देहरादून। शनिवार का दिन उत्तराखंड के लिये भारी रहा और प्रदेश में कोरोना संक्रमित 107 मरीजों ने जान गवां दी। एक दिन में रिकार्ड मरीजों की मौत होने से स्वास्थ विभाग चिंतित है। वहीं राज्य में आज 5654 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं। देहरादून फिर कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित रहा और यहां 1423 कोरोना मरीज मिले हैं। दून मेडिकल काॅलेज में सर्वाधिक 30 मरीजों की मौत हुई है। लेकिन देहरादूून में आज 1616 मरीजों के कोरोना को मात देने से थोड़ी राहत मिली है।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार देहरादून जिले में 1423 कोरोना मरीज मिले हैं। नैनीताल में 1037, पौड़ी में 482, हरिद्वार में 464, उत्तरकाशी में 428, टिहरी में 405, ऊधमसिंह नगर 384 , अल्मोड़ा में 339, पिथौरागढ़ में 246, चमोली में 215, बागेश्वर जिले में 138, रुदप्रयाग में 51, चंपावत में 42 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं। राज्य में आज 5654 नये कोरोना संक्रमित मिलने के बाद एक्टिव मरीजों की संख्या 80 हजार हो गई है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में गांव-गांव में लोग संक्रमण की चपेट में हैं। मैदानी इलाकों में कोरोना संक्रमण नियंत्रण करने में जुझ रहे स्वास्थ विभाग के लिये पहाड़ी इलाकों में फैलता संक्रमण परेशानी का कारण बन रहा है। पहाड़ी इलाकों में स्वास्थ सेवाओं की कमी के कारण यहां रहने वाले लोग मैदानी इलाकों के अस्पतालों की ओर रूख कर रहे हैं जिनसे यहां के अस्पतालों पर बोझ बढ़ता जा रहा है।
25 मई तक बढ़ाया जा सकता है कोविड कर्फ्यू
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण संक्रमण तेज गति से बढ़ते जाने के कारण राज्य में कोविड कर्फ्यू 25 मई तक बढ़ाने की संभावना है। कैबिनेट मंत्री व सरकारी प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने बताया कि दूसरे चरण में 25 मई तक कर्फ्यू बढ़ाया जा सकता है। इस संबंध में 17 मई को आदेश जारी किये जा सकते हैं। उन्होंने राज्य की जनता से कोविड कर्फ्यू का सख्ती से पालन करने की अपील की है, जिससे संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सके।

