योगी आदित्यनाथ ने शहीद पुलिसकर्मियों को दी श्रद्धांजलि
कानपुर– हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के गांव दबिश देने के दौरान शहीद आठ पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रद्धांजलि देने के लिए कानपुर पहुंचे. पुलिस लाइन पर हैलीपेड पर उतरते ही मुख्यमंत्री सबसे पहले इस मुठभेड़ में घायल जवानों से मिलने रीजेंसी हॉस्पीटल पहुंचे. सीएम योगी के साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या भी रहे. इस दौरान मुख्यमंत्री ने घायल जवानों का हौसला बढ़ाया. यहां के डॉक्टरों ने सभी की हालत स्थिर बताई है. इसके बाद मुख्यमंत्री, डिप्टी सीएम ने पुलिस लाइन पहुंचकर शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की. यहां पर मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों के परिजनों से बातचीत कर आश्वासन दिया. शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए यहां पर काफी लोग आए.
सबसे पहले पहुंचे हॉस्पिटल
पुलिस लाइन पर हेलीकॉप्टर लैंड होने के बाद मुख्यमंत्री सीधे रीजेंसी हॉस्पीटल पहुंचे. यहां पर एक—एक घायल जवान से मुलाकात कर उनका हालजान जाना. यहां के डॉक्टरों से इलाज में किसी प्रकार की कोताही न बरतने को कहा गया. जवानों की हालत को लेकर यहां के डॉक्टरों ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों की हालत स्थिर है. दो पुलिसकर्मी वेंटीलेटर पर है लेकिन उनकी हालत भी स्थिर है.
परिजनों को आश्वासन
इसके बाद मुख्यमंत्री ने रीजेंसी अस्पताल की लॉबी में पुलिसकर्मियों के परिजनों से मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने किसी को भी परेशान न होने को कहा. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उनके साथ हर पल पर खड़ी है. हर संभव मदद की जाएगी.
दी श्रद्धांजलि
रीजेंसी अस्पताल में घायल जवानों से मुलाकात के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुलिस लाइन में गम भरे माहौल में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कई बार इस बात पर जोर दिया कि जिन लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है, उसे कानून के दायरे में रहकर सजा जरूर दिलाई जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों को आश्वास्त किया है कि दुख की घड़ी में हर कोई उनके साथ है.
व्यर्थ नही जाएगा बलिदान
जवानों के बलिदान को किसी कीमत पर व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस शिद्दत के साथ पुतिसकर्मियों ने अपनी ड्यूटी का निवर्हन किया है, उसे याद रखा जाएगा. शहीद जवानों की आर्थिक मदद करते समय सीएम ने यह भी कहा कि शहादत की कोई कीमत नहीं होती.
दो किये गए ढेर
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि दो लोगों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया है. इनके पास से पुलिस से लूटे गए हथियार में भी बरामद हुए हैं. बदमाशों की पकड़ के लिए कई टीमों को लगाया गया है. इससे पहले सीएम ने पुलिस के स्थानीय आला अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम का अपडेट भी जाना.

