मेरठ। ’डाकिया डाक लाया-डाकिया डाक लाया’ इस गीत के मुताबिक प्राचीन परंपरा को तोड़ते हुए कोरोना काल में डाक विभाग ने एक अनूठी पहल शुरू की है। अब डाकिया सिर्फ डाक ही नहीं, बल्कि घर-घर तक सेनेटाइजर भी पहुंचेंगे जिससे कोरोना संक्रमण से होने वाले खतरे को रोका जा सके।
मेरठ कैंट क्षेत्र स्थित बड़ा डाकखाने के सीनियर पोस्ट मास्टर जेएल शर्मा ने बताया कि प्रदेश के डाक विभाग ने लखनऊ की एक संस्था से सेनेटाइजर की खरीद के लिए अनुबंध किया गया है। इसके तहत यह संस्था बेहद कम दामों पर बहुत ही उत्कृष्ट क्वालिटी का सेनेटाइजर बनाकर डाक विभाग को सप्लाई कर रही है। बड़े डाकखाने में इस माल की पहली खेत पहुंच चुकी है। डाक विभाग के अधिकारी के मुताबिक 100 से 250 ग्राम तक की पैकिंग में उपलब्ध सेनेटाइजर के दाम मार्केट में बिकने वाले अन्य कंपनियों के सेनेटाइजर से काफी कम हैं। गुणवत्ता के मामले में यह स्वदेशी सेनेटाइजर अन्य सेनेटाइजर से बेहतर है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल इस सेनेटाइजर की बिक्री के लिए छावनी क्षेत्र स्थित बड़े डाकखाने में काउंटर बनाया गया है। जल्द ही जिले के अन्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित डाकखानों में भी यह सेनेटाइजर सप्लाई कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं, यदि कोई व्यक्ति अपने घर पर इस सेनेटाइजर की होम डिलीवरी मंगाता है तो पोस्टमैन के जरिए डाक विभाग द्वारा संबंधित व्यक्ति के घर पर सेनेटाइजर की होम डिलीवरी की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता के अभाव के कारण अब महामारी कोरोना ने यहां भी पैर पसार लिए हैं। ऐसे में कोरोना काल में इस बीमारी से बचाव के प्रचार प्रसार के लिए डाक विभाग द्वारा की गई यह पहल काफी बेहतर साबित हो सकती है।

