नई दिल्ली। एमसस धोनी ने आखिरकार इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. पिछले साल हुए वर्ल्ड कप के बाद से ही धोनी क्रिकेट से दूर थे और तभी से उनके भविष्य को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे. क्रिकेट से दूर होने के बाद धोनी ने आर्मी के साथ ट्रेनिंग की. इस बीच उन्होंने टेनिस, गोल्फ भी खेला. यही नहीं करीब 8 लाख का ट्रैक्टर भी खरीदा था. धोनी खेतों में भी नजर आए थे और कहा जा रहा था कि वो आर्गेनिक खेती करने वाले हैं. अब आ रही खबरों के मुताबिक संन्यास लेने के बाद धोनी ऑर्गेनिक खेती और किसानों के लिए बड़ा कदम उठाने वाले हैं. एबीपी की खबर के अनुसार धोनी किसानों की मदद करना चाहते हैं और वो इसके लिए न्यू ग्लोबल करके नया ब्रांड ला रहे हैं.
किसानों को देंगे सस्ते फर्टिलाइजर
धोनी शुरुआत से ही क्रिकेट के अलावा देश के लिए कुछ करना चाहते हैं और इसी वजह से वह किसानों की मदद करने की भी योजना बना रहे हैं. खबर के अनुसार धोनी दूर दराज के किसानों तक कम कीमत में सस्ते फर्टिलाइजर पहुंचाना चाहते हैं. इसके लिए धोनी की कंपनी की बात राज्य सरकारों से चल भी रही है. ग्लोबल स्कूल की योजना
सिर्फ किसानों की ही नहीं, बल्कि वह गरीब और टैलेंटेड बच्चों को भी पढ़ाना चाहते हैं, इसीलिए ग्लोबल स्कूल की योजना बन रही है. हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं है कि धोनी क्या पूरी तरह से ऑर्गेनिक खेती ही करेंगे या फिर किसानों की भी मदद करेंगे.
खुद भी करेंगे फार्मिंग
धोनी ने जून में करीब 8 लाख का महिन्द्रा स्वराज 963 एफई ट्रैक्टर खरीदा था. रांची में धोनी का फार्महाउस 7 एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें उन्होंने शानदार घर के साथ-साथ बाइक, कार और बहुत बड़ा पार्क बनाया हुआ है. इसके अलावा उनके पास काफी जमीन खाली है, जहां वो खेती भी कर सकते हैं.

