- हरिद्धार के घाटों को रेड, येलो और ग्रीन जोन में बांटा गया
- पोर्टल पर पंजीकरण कर श्रद्धालु इच्छानुसार चुन सकते हैं घाट
देहरादून। 2021 में होने वाला हरिद्वार महाकुंभ ऐतहासिक और भव्य होने के साथ श्रद्धालुओं के लिये सुरक्षित भी होगा। उत्तराखंड सरकार का प्रयास है कि महाकुंभ 2021 में श्रद्धालुओं को पूर्णतया सुरक्षित माहौल दिया जाये। इसके लिये महाकुंभ के दौरान हरिद्वार आने वाले श्रद्धालु रेड, येलो और ग्रीन जोन में बंटे घाटों में से अपने लिये अनुकूल घाट चुन सकते हैं। महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
महाकुंभ 2021 को ऐतहासिक बनाने में जुटी उत्तराखंड सरकार राज्य में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाएं देने के साथ पूर्ण सुरक्षा भी प्रदान करने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों व साधु-संतो के साथ लगातार बैठके की जा रही हैं। वहीं महाकुंभ में हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियों से बचाने और उनको सुरक्षित स्नान कराने के लिये प्रतिबद्ध उत्तराखंड सरकार ने स्नान घाटों को तीन जोन में बांटने का निर्णय लिया है।
आईजी कुंभ संजय गुंज्याल के निर्देशन में कुुंभ पुलिस ने पूर्व में हुए कुंभ और अर्द्धकुंभ के अनुभवों के आधार पर महाकुंभ को शांतिपूर्वक और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिये नये कदम उठाये हैं। कुंभ पुलिस की प्रस्तावित कार्ययोजना में स्नान घाटों को रेड, येलो और ग्रीन जोन में बांटा गया है। महाकुंभ 2021 में हरिद्वार में गंगास्नान करने की इच्छा रखने वाले श्रद्धालु पोर्टल पर पंजीकरण करते समय अपने लिये उपयुक्त और सुरक्षित घाट का चुनाव कर सकते हैं।
रेड जोन घाट
हरिद्वार मेें रेड जोन में रखे गये घाट अति संवेदनशील माने गये हैं। इन घाटों पर या तो पूर्व में कोई घटना हो चुकी है या श्रद्धालुओं के अधिक संख्या में यहां स्नान करने के कारण यहां कोई हादसा होने या भगदड़ मचने की आशंका रहती है। ऐसे में इन इलाकों में श्रद्धालुओं की भीड़ को डायवर्ट करने के साथ यहां सुरक्षा के इंतजाम भी सबसे अधिक रखे गये हैं।
येलो जोन घाट
येलो जोन में आने वाले घाट संवेदनशील हैं। इन घाटों पर पूर्व में तो कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है लेकिन इन घाटों पर काफी संख्या मेें श्रद्धालु आकर स्नान करते हैं। ऐसे में यहां स्नान करने के लिये श्रद्धालुओं को कड़े नियमों का पालन करना होगा। वहीं इन घाटों पर भी सुरक्षा व्यवस्था चैकस रहेगी।
ग्रीन जोन घाट
हरिद्वार के ग्रीन जोन घाट श्रद्धालुओं के लिये सुरक्षित माने गये हैं। पूर्व में इन घाटों पर कम संख्या में श्रद्धालुओं ने आकर स्नान किया है। कुंभ पुलिस की योजना है की रेड और येलो जोन के घाटों पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को ग्रीन जोन घाटों पर डायवर्ट किया जाये। इससे जहां रेड और येलो जोन पर श्रद्धालुओं का दबाव कम होगा वहीं इन घाटों पर हादसा होने की संभावना भी कम होगी।

