साउथ फिल्म स्टार नित्य़ा मेनन इन दिनों अभिषेक बच्चन स्टारर वेब सीरीज ‘ब्रीथ: इन टू द शैडोज’ को लेकर खूब सुर्खियां जुटा रही है। इस वेब सीरीज में नित्या मेनन जूनियर बच्चन की ऑन स्क्रीन पत्नी के किरदार में हैं। इस वेब सीरीज में नित्या मेनन के किरदार को काफी पसंद भी किया जा रहा है। इसके अलावा वो अपनी एक और फिल्म को लेकर चर्चाओं में है। नित्या मेनन जल्दी ही जयललिता पर बनने वाली एक और बायोपिक में दिखने वाली है। इस फिल्म में वो तमिलनाडु की पूर्व और दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता का किरदार निभाने वाली है।
यहां गौर करने वाली बात ये है कि जयललिता की एक और बायोपिक ‘थलाइवी’ भी इन दिनों चर्चाओं में है। इस फिल्म में जयललिता का किरदार बॉलीवुड स्टार कंगना रनौत निभा रही है। इसी वजह से नित्या मेनन और कंगना रनौत के बीच तुलनाओं का सिलसिला शुरू हो चुका है। एक रिपोर्ट के मुताबिक इन चर्चाओं पर अब नित्या मेनन ने अपनी ओर से जवाब दिया है।
साउथ अदाकारा ने इंटरव्यू में कहा है, ‘मैंने खुद भी निर्देशक से इस बारे में बात की थी कि इस बारे में उनका क्या सोचना है क्योंकि इस कहानी पर एक और फिल्म बन रही है। मैंने पूछा था कि आप फिर भी इसे करना चाहते हो। फिर उन्होंने कहा कि वो इसे बेहद निज वजह से करना चाहती हैं। वो उनकी (जयललिता) की बहुत बड़ी प्रशंसक रही हैं। वो उनके काफी करीब भी थी और उनसे काफी जुड़ी हुई भी थी। इसीलिए वो उनके व्यक्तित्व से वाकिफ हैं। उन्होंने कहा था कि जो भी बनाना चाहता है उन्हें बनाने दीजिए। हम भी अपनी फिल्म नए नजरिए से बनाएंगे। मुझे लगता है कि चीजों को देखने का ये अच्छा तरीका है।’
मिशन मंगल स्टार ने कहा, ‘ठीक है इसमें कोई बुराई नहीं है। हमारी फिल्म थोड़ी अलग है। जैसा उन्होंने मुझे बताया है। जरुरी ये है कि जब तक कोई तुलनात्मक नहीं है और ये नहीं सोचता कि उसकी फिल्म की तरह कोई और भी फिल्म बना रहा है। वो अपनी फिल्म पर फोक्सड है। तो ये अच्छा है।’

