मुंबई: वैश्विक महामारी कोरोना के रोकथाम को लेकर मंगलवार से मुंबई सहित पूरे राज्य के सभी महानगर पालिका क्षेत्र में नाइट कर्फ्यू लागू करने का निर्णय महाविकास आघाड़ी सरकार ने लिया है. यूरोप के देशों में कोरोना का प्रभाव तेजी से बढ़ा है. ब्रिटेन में कोरोना का नया वायरस मिलने को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने उपाय योजना के लिए उच्च स्तरीय बैठक की. जिसमें रात के 11 बजे से सुबह के 6 बजे तक कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया गया. सरकार का निर्णय 5 जनवरी
14 दिन क्वारंटाइन अनिवार्य
इसके साथ ही यूरोप, मध्य-पूर्व देशों से आने वालों को 14 दिन क्वारंटाइन अनिवार्य किया गया है. मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि आने वाले 15 दिनों तक विशेष एहतियात बरतने की आवश्यकता है.
यात्रियों की कड़ाई से जांच के आदेश
मुख्यमंत्री आवास वर्षा में हुई बैठक के बाद नाइट कर्फ्यू का निर्णय लिया गया. मुख्यमंत्री ठाकरे ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि बाहर के देशों से आने वाले यात्रियों की जांच कड़ाई से की जानी चाहिए. सभी यूरोपीय देशों के साथ ही मध्य-पूर्व देशों से आने सभी यात्रियों को 14 दिन तक क्वारंटाइन अनिवार्य किया गया है.क्वारंटाइन किए गए यात्रियों की पांचवें अथवा सातवें दिन कोरोना जांच (आरटीपीसीआर) की जाएगी. क्वारंटाइन की अवधि पूरा होने के बाद ही उन्हें घर छोड़ा जाएगा.
यात्रियों के लिए होटल, अलग अस्पताल की व्यवस्था
मुख्यमंत्री की तरफ से कहा गया है कि जिस एयरपोर्ट पर अंतर्राष्ट्रीय जहाज लैंड करते हैं वहां के मनपा आयुक्त यात्रियों के क्वारंटाइन के लिए होटल और अलग से अस्पताल की व्यवस्था उपलब्ध कराएंगे. इसके साथ ही यूरोप से आए यात्रियों में नए तरह के कोरोना वायरस मिलने पर उनकी देखभाल अलग अस्पताल में की जाएगी. मुख्यमंत्री ने जांच करने वाले सभी कर्मियों को पीपीई किट देने का निर्देश दिया है.

