Internet suspended in Nuh: हरियाणा के नूंह में इंटरनेट पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन की तरफ से अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा को लेकर एहतियात के तौर पर फैसला लिया गया है। हरियाणा के नूंह में फिर से इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगाई है। प्रशासन की ओर से एहतियात के तौर पर आज ये फैसला लिया गया है।
हरियाणा सरकार ने आज शनिवार को नूंह में 28 अगस्त तक मोबाइल इंटरनेट और ‘बल्क एसएमएस’ सर्विस को बंद करने का आदेश दिया है। बता दें कि नूंह में पिछले महीने सांप्रदायिक हिंसा हुई थी। हरियाणा सरकार ने हिंदू संगठनों के ‘शोभा यात्रा’ निकालने के आह्वान के मद्देनजर यह निर्णय लिया है। नूंह में इससे पहले 31 जुलाई को दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प के बाद इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं को निलंबित किया गया था।
इंटरनेट, बल्क SMS पर 3 दिन की रोक
हरियाणा सरकार ने सोमवार को आयोजित होने वाली यात्रा से पहले आदेशा जारी किया है। जिससे असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाए जाने पर रोक लगाई जा सके। इसके चलते नूंह के डिप्टी कमिश्नर ने गृह विभाग को पत्र लिखकर नूंह में इंटरनेट सेवा और बल्क मैसेज बंद करने की सिफारिश की थी। जिसके बाद आज हरियाणा के होम सेक्रेटरी द्वारा 26 अगस्त से 28 अगस्त तक इंटरनेट सेवा बंद करने के आदेश जारी किए हैं।
28 अगस्त को ब्रजमंडल यात्रा
विश्व हिंदू परिषद ने 28 अगस्त को ब्रजमंडल यात्रा निकालने की घोषणा की है। हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी अनुमति नहीं है। हरियाणा सरकार ने स्थानीय पुलिस के साथ कानून व्यवस्था में गड़बड़ी की आशंका का हवाला देते हुए यात्रा की अनुमति देने से इनकार किया है।

