कासगंज। जिले में दूध की बोतल एक मासूम बच्चे के लिए उसकी मौत का कारण बन गई।जहां एक बच्चे के दूध पीते वक्त बोतल की निपल गले में फंसने से बच्चें की मौत का बहुत ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि जिस वक्त बच्चा दूध की बोतल में लगे निप्पल से दूध पी रहा था उस समय मासूम बच्चे के पास घर का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। परिजनों ने जब बच्चे को छटपटाते हुए देखा, तो जानकारी हो सकी कि बच्चे के गले के अंदर दूध के निप्पल फस गई है। बच्चे का जब मुंह खोल कर देखा तो परिवार के लोगों के होश उड़ गए।
हम आप को बतादें कि ये पूरा मामला कासगंज जिले के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के ग्राम विजय नगर का है। जहां एक मासूम की उस समय अचानक मौत हो गई, जब उसके गले में दूध की बोतल की निपल फंस गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के जनपद कासगंज जिले के ग्राम विजय नगर निवासी चरन सिंह का डेढ़ बर्षीय पुत्र रोहित देर शाम चारपाई पर लेट कर बोतल से दूध पी रहा था। दूध पीते समय किसी तरह से निपल बोतल से निकल कर उसके गले में फंस गई, जिससे उसकी दम घुटने लगी और उसने हिचकियां लेना शुरू कर दीं। उसकी हिचकियों की आवाज सुनकर परिजन दौड़कर उसके पास पहुंचे और उसका मुंह खुलवाकर देखा तो गले में निपल फंसी देखकर पैरों के नीचे की जमीन खिसक गई।
परिजनों ने निपल को बाहर निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली। निपल बाहर निकलने के बजाय और अंदर चली गई। इसके बाद परिजन उसे चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजन चीत्कार कर उठे। मासूम की मौत की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। परिजनों ने मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया।

