केंद्र की भाजपा सरकार वन्दे भारत ट्रेन जैसी सुविधाओं वाली नई अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू करने जा रही है, इस ट्रेन को प्रधानमंत्री मोदी 30 दिसंबर को अयोध्या से हरी झंडी दिखाएंगे। इसी दिन अयोध्या से वन्दे भारत ट्रेन की सेवाओं के साथ दिल्ली-अयोध्या के लिए हवाई उड़ाने भी शुरू होने जा रही हैं. कहा जा रहा है कि अमृत भारत एक्सप्रेस का किराया वन्दे भारत ट्रेन से कम होगा, अब इस एक्सप्रेस ट्रेन के किराये को लेकर अपडेट सामने आ चुकी है. जानकारी के मुताबिक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में एक किलोमीटर से लेकर 50 किलोमीटर तक की यात्रा करने के लिए 35 रुपये किराया लगेगा। इसमें आरक्षण शुल्क और अन्य शुल्क को शामिल नहीं किया गया है। ये किराया सेकंड क्लास और स्लीपर क्लास के लिए है। एसी क्लास का किराए को लेकर अभी रेलवे ने कोई जानकारी नहीं दी है.
एक रिपोर्ट में रेलवे के हवाले से बताया गया कि अगर अन्य ट्रेनों के सेकंड और स्लीपर क्लास के किराए से अमृत भारत एक्सप्रेस के किराये की तुलना की जाए तो ये 15 से लेकर 17 प्रतिशत तक महंगा है। वर्त्तमान में मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में एक से 50 किलोमीटर तक के लिए सेकंड क्लास का किराया करीब 30 रुपये है। इसमें रिजर्वेशन फीस और अन्य चार्जेस को शामिल नहीं किया गया है। रेलवे सर्कुलर के मुताबिक रियायती टिकट और मुफ्त पास के टिकट जिनकी प्रतिपूर्ति नहीं की जाती है इन ट्रेनों में स्वीकार्य नहीं होंगे। वहीं रेलवे कर्मचारियों के लिए प्रिविलेज पास, पीटीओ, ड्यूटी पास आदि की पात्रता अन्य मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के बराबर ही मान्य होगी।
बता दें कि अमृत भारत एक्सप्रेस में पुश-पुल टेक्नोलॉजी का उपयोग किया गया है, इसके साथ ही स्लाइडिंग विंडो दी गई है। कोच के बीच में सेमी परमानेंट कपलर दिया हुआ है। इमरजेंसी डिजास्टर लाइट, फ्लोर गाइड फ्लोरोसेंट स्ट्रीप और कई अन्य खास सुविधाएं दी गई है जो कि यात्रियों के कम्फर्ट को और बढाती हैं.

