जयभीम नगर हाई रिस्क जोन, हर दिन मिल रहे सैकड़ों मरीज
मेरठ। जैसे-जैसे मतदान का समय निकट आता जा रहा है वैसे ही कोरोना संक्रमण भी अपनी रफ्तार बढ़ा रहा है। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में कोरोना संक्रमण का प्रसार बहुत तेज गति से हो रहा है। जिले में हर दिन एक हजार से ज्यादा मरीज सामने आ रहे हैं। आलम यह है कि हफ्ते भर में यहां 7777 सक्रिय केस हो गए हैं। जिले में जय भीम नगर हाई रिस्क जोन में शामिल हो चुका है हर दिन इस इलाके में सबसे ज्यादा मरीज सामने आ रहे हैं शनिवार को भी यहां 111 मरीज मिले हैं। वहीं कुल 1061 कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिसमें 37 अस्पताल में भर्ती करवाये गए।
Read Also : दिल्ली में कोरोना के 20718 नए मामले, संक्रमण दर हुई 30.64 फीसदी
लापरवाही बन रही वजह
कोरोना संक्रमण के प्रसार की सबसे बड़ी वजह लापरवाही है। मेरठ मंडल के कई जिलों में जहां कोविड मैनेजमेंट लचीला है। वही लोगों की बीमारी को लेकर अनदेखी भी भारी पड़ रही है। हालांकि सरकारों द्वारा लगातार बीमारी को नजरअंदाज ना करने और सावधानी बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इस बाबत यह भी कहा जा रहा है कि कोरोना वायरस के सामान्य मरीजों के अलावा देश में ओमीक्रोन के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही ओमीक्रोन वेरिएंट को गंभीरता से लेने की अपील भी की जा रही है। चिकित्सकों का कहना है कि इस वेरिएंट के लक्षण मामूली नहीं है। गंभीर रूप से बुखार बदन दर्द के अलावा सर्दी खांसी और गले में दर्द जैसे लक्षण मरीजों में दिखाई दे रहे हैं।
Read Also : दिल्ली में कोविड पीक चुकी है, अब मामलों में कमी आएगी: सत्येंद्र जैन
साल भर बाद भी पूरा नहीं हुआ टीकाकरण
कोविड-19 वैक्सीनेशन को लेकर देश में 365 दिन पूरे हो चुके हैं। जबकि अभी भी देश में करोड़ों लोग वैक्सीन की पहली डोज मिलने का ही इंतजार कर रहे हैं। मेरठ मंडल के 6 जिलों की स्थिति भी अलग नहीं है। उत्तर प्रदेश के सभी मंडलों में यहां की स्थिति काफी गंभीर और चिंतनीय है। मंडलायुक्त ने सभी जिलों को अपने यहां टीकाकरण बढ़ाने के निर्देश भी जारी किए हैं। साथ ही 15 से 17 साल की किशोरों को वैक्सीन लगवाने के प्रति प्रेरित करने के लिए लकी ड्रॉ तक की घोषणा कर दी है। इसके तहत हर दिन दो-तीन टी-शर्ट इनाम के तौर पर दी जाएंगी। इसके अलावा माइक्रो प्लान भी तैयार करवाया गया है। शासन के निर्देशों के तहत सभी जिलों में हर एक व्यक्ति तक कोविड-19 वैक्सीन पहुंचाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य शुरू हो गया है।

