यरूशलेम: इजरायल और फिलिस्तीन संघर्ष सातवें दिन भी जारी है, इजराइल के ताज़ा हमलों में हमास के एक बड़े नेता समेत 23 फिलिस्तीनियों के मारे जाने की खबर है. उधर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने जारी संघर्ष के लिए हमास को जिम्मेदार ठहराया है. उनका आरोप है कि हमास ने इजरायल पर रॉकेट दागकर संघर्ष की शुरूआत की. नेतन्याहू ने शनिवार को कहा कि जब तक जरूरी होगा गाजा में हमले जारी रहेंगे.
चलता रहेगा ऑपरेशन
नेतन्याहू ने एक टीवी स्पीच में कहा, “इस टकराव के लिए जो पक्ष जिम्मेदार है, वो हम नहीं हैं बल्कि हम पर हमला करने वाले हैं.” उन्होंने कहा, “अभी हम ऑपरेशन के बीच हैं, यह खत्म नहीं हुआ है और जब तक जरूरी होगा यह ऑपरेशन चलता रहेगा.”
आम लोगों के पीछे छिपा है हमास
इजरायल के प्रधानमंत्री ने कहा, “हम हमास के विपरीत, लोगों को नुकसान पहुंचने से बचाने के लिए जितना संभव हो सकता है, कर रहे हैं. हमास जानबूझकर आम लोगों के पीछे छिपकर उनको नुकसान पहुंचाने का इरादा रखता है. हम आंतकवादियों को निशाना बना रहे हैं.”
Read also: लालू की बेटी ने कंगना को बताया “आंख की अंधी और दलाल”
दोनों तरफ से हमले जारी
इजरायल और हमास के बीच चल रही जंग सातवें दिन भी जारी रही. इजरायल ने रविवार तड़के गाजा में हमास के प्रमुख के घर पर बमबारी की तो हमास ने तेल अवीव में रॉकेट दागे. फिलहाल इस संघर्ष पर विराम लगने के कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं. स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि इजरायल की एयर स्ट्राइक में कम से कम 23 फिलिस्तीनी नागरिकों की मौत हुई है और दर्जनों लोग घायल हुए हैं.

