टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का मुंबई के पास पालघर में एक कार दुर्घटना में निधन हो गया है. उनकी कंपनी के निदेशक ने साइरस मिस्त्री के मरने की पुष्टि की है. साइरस मिस्त्री कुछ अन्य लोगों के साथ पालघर की ओर जा रहे थे तभी उनकी कार भयानक हादसे का शिकार हो गई. जानकारी के मुताबिक उनकी मर्सिडीज कार पालघर जिले में एक डिवाइडर से टकरा गई. साइरस मिस्त्री अभी 54 वर्ष के थे.
पुलिस के मुताबिक मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे. दुर्घटना दोपहर लगभग 3.15 बजे सूर्या नदी पर बने पुल पर हुई. साइरस मिस्त्री के साथ उनकी कार में जहांगीर अनाहिता पंडोल, दिनशॉ पंडोल और डेरियस पंडोल सवार थे. जहांगीर पंडोल का भी इस सड़क हादसे में साइरस मिस्त्री के साथ निधन हो गया है, जबकि दो लोग गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं. जानकारी के मुताबिक मिस्त्री की मौके पर ही मौत हुई जबकि जहांगीर पंडोल ने रास्ते में दम तोडा. पुलिस के अनुसार, MH 47 AB 6705 नंबर की एक मर्सिडीज कार चरोटी के पास एक पुल पर डिवाइडर से टकरा गई.
Read also: JAMMU RALLY: हमने खून पसीने से बनाई है कांग्रेस, कंप्यूटर-ट्वीट और वाट्सएप से नहीं बनी पार्टी
साइरस मिस्त्री का जन्म आयरलैंड में हुआ था, उन्होंने अपनी पढ़ाई लंदन बिजनेस स्कूल से की थी. साइरस मिस्त्री भारतीय मूल के सबसे ताकतवर कारोबारियों में से एक पलोनजी शापूरजी मिस्त्री के सबसे छोटे बेटे थे. साल 2006 में साइरस मिस्त्री टाटा संस के साथ जुड़े थे. 2012 में रतन टाटा की जगह उन्हें टाटा संस का चेयरमैन बनाया गया था. 2016 में रतन टाटा के साथ बिजनेस के कुछ मुद्दों पर मतभेद के चलते उन्हें अचानक टाटा संस के चेयरमैन पद से हटा दिया गया था.

