नई दिल्ली। एनएसए प्रमुख अजित डोभाल के आवास पर इसी साल की फरवरी में सुरक्षा में हुई लापरवाही की गाज तीन कमांडों और वीआईपी सुरक्षा में तैनात दो वरिष्ठ अधिकारियों पर गिरी है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के आवास पर सुरक्षा उल्लंघन में सीआईएसएफ के तीन कमांडो की सेवा समाप्त कर दी गई हैं। जबकि वीआईपी सुरक्षा इकाई के दो वरिष्ठ अधिकारियों का स्थानांतरित कर दिया है। सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों ने आज बुधवार को यह जानकारी दी है। बता दें कि अजित डोभाल को केंद्रीय वीआईपी सुरक्षा सूची के तहत ‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। अजित डोभाल को यह सुरक्षा कवर सीआईएसएफ की एसएसजी यूनिट द्वारा दिया गया है।
Read also: रेवड़ी कल्चर पर फैसला सोमवार को
गत 16 फरवरी की घटना में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल सीआईएसएफ द्वारा स्थापित कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के बाद दंडात्मक कार्रवाई की है। जिसमें पांच अधिकारियों को विभिन्न मामलों का दोषी ठहराया गया है। इन सभी के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई है। अधिकारियों ने कहा कि विशेष सुरक्षा समूह यानी एसएसजी के तीन कमांडो को सेवा से बर्खास्त किया गया है। इस वीवीआईपी सुरक्षा इकाई के प्रमुख उप महानिरीक्षक डीआईजी और उनके दूसरे कमांडेंट रैंक के एक वरिष्ठ कमांडेंट का तबादला किया गया है। बता दें कि 16 फरवरी 2022 को यह हुई थी। 16 फरवरी 2022 की सुबह करीब साढ़े सात बजे बेंगलुरु के एक व्यक्ति ने दिल्ली में एनएसए अजित डोभाल के सुरक्षा वाले घर में कार चलाने का प्रयास किया था। बर्खास्त किए तीनों कमांडो 16 फरवरी 2022 को उस दिन सुरक्षा व्यवस्था के तहत एनएसए के आवास पर तैनात थे। व्यक्ति को आवास के बाहर रोका और फिर उसको दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया था। उसके बाद से ये जांच चल रही थी। हालांकि वो व्यक्ति कौन था और उसका मकसद क्या था इसके बारे में पूरी जानकारी अधिकारियों ने देने से मना कर दिया।

