मेरठ। उप्र में अब कभी भी निकाय चुनाव की घोषणा हो सकती है। ऐसे में राज्य निर्वाचन आयुक्त के निर्देश पर अब जिलों में निकाय चुनाव के लिए जरूरी तैयारियों को पूरा करने का काम शुरू हो चुका है। मेरठ में निकाय चुनाव को संपन्न कराने के लिए तमिलनाडु से करीब छह हजार ईवीएम व वीवीपैट मशीन मेरठ में लाई जा चुकी हैं। ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को पांचली खुर्द में जिला पंचायत भवन में पुलिस सुरक्षा में रखा है।
निकाय चुनाव में इस बार भी मतगणना स्थल केंद्र परतापुर कताई मिल को बनाया गया है। जनपद में इस बार निकाय चुनाव में कुल 1371 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। इनमें से 1009 बूथ नगर निगम के शहरी क्षेत्र में होंगे। नगर निगम के एक बूथ पर चार ईवीएम मतदान के लिए लगाई जाएंगी। इसके अलावा कुछ मशीनों को रिजर्व में रखा जाएगा। निकाय चुनाव संपन्न कराने के लिए करीब छह हजार ईवीएम की जरूरत होगी। इस बार वर्ष 2017 के चुनाव में प्रयोग में लाई गई ईवीएम को इस बार निकाय चुनाव में प्रयोग नहीं किया लाया जाएगा।
जिला प्रशासन के पास पांच साल से रखी ईवीएम का टेक्निकल परीक्षण नहीं हुआ है। ऐसे में ईवीएम मशीनों के खराब होने की संभावना भी है। निकाय चुनाव संपन्न कराने के लिए तमिलनाडु से छह हजार ईवीएम और वीवीपैट मंगाई है। 2022 में हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना मतगणना पहली बार कताई मिल में नहीं हुई थी। ऐसे में निकाय चुनाव की मतगणना को लेकर सवाल उठ रहे थे। पिछले दिनों डीएम ने संबंधित अधिकारियों के साथ कताई मिल व अन्य संभावित स्थानों का निरीक्षण किया। बाद में मंथन के बाद कताई मिल में ही निकाय चुनाव के मतगणना कराने पर सहमति बनी थी। चुनाव से पहले यहां सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएगी।
एडीएम प्रशासन, सहायक निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि निकाय चुनाव तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। तमिलनाडु से ईवीएम मंगाईं गई है। जिनको पांचली खुर्द में पुलिस सुरक्षा में रखा है। इसके अलावा मतगणना के लिए कताई मिल को बेहतर पाया गया है।

